भगवंत मान का कांग्रेस पर तंज, बोले- इतनी सीटें ही मत देना कि CM बनने का सपना देखे

SHARE:

Punjab Election 2027: पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को होशियारपुर के मुकेरियां में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी का मजाक उड़ाते हुए कहा कि जनता कांग्रेस को इतनी कम सीटें दे कि उसे मुख्यमंत्री चुनने की नौबत ही न आए।

कांग्रेस नेताओं की गुटबाजी पर कसा तंज

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता के मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “राजा वारिंग की चन्नी से नहीं बनती, चन्नी की बाजवा से नहीं बनती, बाजवा की रंधावा से नहीं बनती, रंधावा की वारिंग से नहीं बनती, वारिंग की नवजोत सिंह सिद्धू से नहीं बनती और सिद्धू की तो किसी से भी नहीं बनती।” उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस को इतनी कम सीटें मिलनी चाहिए कि मुख्यमंत्री बनने का सवाल ही पैदा न हो।

“पहले 59 सीटें जीतें, फिर CM बनने का सपना देखें”

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में सरकार बनाने के लिए 59 सीटों की जरूरत होती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता ऐसे व्यवहार कर रहे हैं, जैसे राज्यपाल ने पहले ही शपथ ग्रहण का समय तय कर दिया हो। उन्होंने कहा कि पहले बहुमत हासिल करें, उसके बाद मुख्यमंत्री बनने के सपने देखें।

कांग्रेस की बस यात्रा पर भी किया कटाक्ष

राहुल गांधी की प्रस्तावित पंजाब यात्रा का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता बस में तो साथ बैठ सकते हैं, लेकिन यह तय नहीं कि वे साथ उतरेंगे भी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उनके साथ ऐसे लोगों को भी भेजना चाहिए, जो रास्ते में होने वाले झगड़े रोक सकें।

AAP सरकार की योजनाओं का किया जिक्र

मुख्यमंत्री मान ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। उन्होंने कहा कि ‘मावां धियां धीआं सत्कार योजना’ के तहत 32 लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कांग्रेस सत्ता में आई तो वह ऐसी मुफ्त योजनाओं को बंद कर देगी।

ये भी पढ़ें- टीबी मुक्त हरियाणा अभियान को मिली रफ्तार, AI स्क्रीनिंग से सामने आए 25 हजार से ज्यादा केस

शिरोमणि अकाली दल पर भी साधा निशाना

भगवंत मान ने शिरोमणि अकाली दल पर भी हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी धर्म का राजनीतिक इस्तेमाल कर दोबारा सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने लंबे समय तक पंजाब पर शासन किया, लेकिन राज्य की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर सका।

अकाली दल का पलटवार

वहीं, शिरोमणि अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने मुख्यमंत्री मान के आरोपों का जवाब देते हुए राज्य में बढ़ रही बेअदबी की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने बेअदबी के मुद्दे का राजनीतिक लाभ उठाकर सत्ता हासिल की, लेकिन सरकार बनने के बाद भी ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में विफल रही है।

पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर आम आदमी पार्टी कांग्रेस की अंदरूनी कलह को मुद्दा बना रही है, तो दूसरी ओर विपक्ष कानून-व्यवस्था और धार्मिक मामलों को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है।

Join us on:

Leave a Comment