PM Modi’s Haryana, Chandigarh, Punjab July 17 itinerary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह करीब 25,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। इस दौरे की सबसे बड़ी खासियत भारत की पहली हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाना और देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करना होगा।
हरियाणा में क्या-क्या करेंगे PM मोदी?
प्रधानमंत्री सुबह करीब 11 बजे जींद पहुंचेंगे, जहां वह जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। स्वदेशी तकनीक से बनी यह 10 कोच वाली ट्रेन दुनिया की सबसे लंबी और शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल है। यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल से संचालित होगी और इससे केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलेगी, यानी इसमें कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा। इसके बाद एकलव्य स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 14,700 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
हरियाणा को मिलेंगी ये बड़ी सौगातें
- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज 1 से 5 का लोकार्पण।
- अंबाला-काला अंब हाईवे का उद्घाटन।
- जींद-गोहाना ग्रीनफील्ड हाईवे राष्ट्र को समर्पित।
- हांसी-बरवाला हाईवे के उन्नयन का शिलान्यास।
- कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन।
- भिवानी और नारनौल में नए सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों का लोकार्पण।
- कुरुक्षेत्र में सिख संग्रहालय की आधारशिला।
चंडीगढ़ में स्वास्थ्य और शिक्षा को बढ़ावा
चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वह पीजीआईएमईआर (PGIMER) में 300 बेड वाले एडवांस मदर एंड चाइल्ड सेंटर और एडवांस न्यूरोसाइंस सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा 150 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक की आधारशिला भी रखेंगे। शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और सरकारी कॉलेज सेक्टर-46 में नए छात्रावासों का उद्घाटन किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- स्ट्रोक के इलाज में पंजाब सरकार का बड़ा सहारा, 6 महीने में 914 मरीजों को मिला लाभ
पंजाब में रेल और सड़क परियोजनाओं की सौगात
पंजाब के जालंधर में प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वह देशभर के 75 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। साथ ही दौलतपुर चौक-करटोली रेल लाइन का लोकार्पण और करटोली-अंबाला तथा अमृतसर (छेहर्टा)-वाराणसी नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-6 का उद्घाटन और दक्षिणी लुधियाना बाईपास का शिलान्यास भी करेंगे।
क्यों खास है यह दौरा?
प्रधानमंत्री का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इससे भारत हाइड्रोजन ईंधन से चलने वाली यात्री ट्रेन संचालित करने वाले चुनिंदा देशों की सूची में शामिल होगा। साथ ही सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी करीब 25,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं उत्तर भारत में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देंगी।






