PM मोदी का पंजाब दौरा: 2027 चुनाव से पहले विकास और सियासत दोनों पर फोकस

SHARE:

PM Modi’s visit to Punjab: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब के जालंधर का दौरा करेंगे। 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले इस दौरे को राजनीतिक और विकास, दोनों लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री यहां रेलवे और सड़क से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हालांकि कार्यक्रम आधिकारिक तौर पर विकास परियोजनाओं के लिए है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे पंजाब में भाजपा के चुनावी अभियान की शुरुआत के तौर पर भी देख रहे हैं।

हाल ही में बीजेपी ने ऐलान किया था कि वह 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा पार्टी के विकास एजेंडे को जनता तक पहुंचाने और चुनावी संदेश देने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

जालंधर से शुरुआत क्यों?

विशेषज्ञों के अनुसार बीजेपी ने जालंधर को रणनीतिक रूप से चुना है क्योंकि यह पंजाब के दोआबा क्षेत्र का प्रमुख शहर है। दोआबा क्षेत्र में राज्य की सबसे बड़ी अनुसूचित जाति (SC) आबादी रहती है और यह चुनावी दृष्टि से बेहद प्रभावशाली माना जाता है। इसके अलावा जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां रविदासिया समाज का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जिसका पंजाब की राजनीति में खास प्रभाव है। भाजपा लंबे समय से इस समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

रविदासिया समाज को साधने की रणनीति

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान श्री गुरु रविदास जी महाराज एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे, जो जालंधर को वाराणसी से जोड़ेगी। वाराणसी को गुरु रविदास की जन्मस्थली माना जाता है और यह प्रधानमंत्री मोदी का संसदीय क्षेत्र भी है। हर साल गुरु रविदास जयंती के अवसर पर हजारों श्रद्धालु डेरा सचखंड बल्लां से वाराणसी जाते हैं। अब नई ट्रेन शुरू होने से श्रद्धालुओं की यात्रा और आसान होगी। भाजपा का मानना है कि इससे रविदासिया समाज के साथ पार्टी का जुड़ाव और मजबूत होगा।

ये भी पढ़ें- अब राशन के लिए नहीं लगेंगे लंबे चक्कर, पंजाब में खुलेंगे 2,800 नए राशन डिपो

इन विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

प्रधानमंत्री मोदी पंजाब में कई महत्वपूर्ण रेलवे परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें शामिल हैं। श्री गुरु रविदास जी महाराज एक्सप्रेस को हरी झंडी, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, एसएएस नगर (मोहाली) रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, श्री मुक्तसर साहिब रेलवे स्टेशन का उद्घाटन और श्री आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशन का उद्घाटन  इन परियोजनाओं का उद्देश्य रेलवे सुविधाओं को आधुनिक बनाना और राज्य में कनेक्टिविटी को मजबूत करना है।

विकास के साथ चुनावी संदेश भी

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा इस दौरे के जरिए विकास कार्यों के साथ-साथ पंजाब में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को भी मजबूत करना चाहती है। दोआबा क्षेत्र, रविदासिया समाज और रेलवे परियोजनाओं पर विशेष फोकस यह संकेत देता है कि पार्टी 2027 विधानसभा चुनाव से पहले अपने सामाजिक और राजनीतिक समीकरण मजबूत करने में जुट गई है। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसके जरिए बीजेपी विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर और सामाजिक संपर्क को चुनावी रणनीति के साथ जोड़कर पंजाब में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी।

 

Join us on:

Leave a Comment