NEET UG 2026: पंजाब के सरकारी स्कूलों के छात्रों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। NEET UG 2026 परीक्षा में राज्य के 882 सरकारी स्कूलों के छात्रों ने सफलता हासिल की है। इस साल पेपर लीक के कारण परीक्षा रद्द होने और दोबारा आयोजित होने के बावजूद छात्रों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
शिक्षा मंत्री ने दी छात्रों को बधाई
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्रों ने फिर साबित कर दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
दो साल में दोगुनी हुई सफलता
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों के छात्रों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
- 2024: 437 छात्रों ने NEET पास किया।
- 2025: यह संख्या बढ़कर 847 हुई।
- 2026: कुल 882 छात्रों ने परीक्षा पास की।
उन्होंने कहा कि 2024 की तुलना में यह सफलता 100 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि को दर्शाती है।
प्रतीक कुमार बने प्रेरणा
लुधियाना के स्कूल ऑफ एमिनेंस, सेखेवाल के छात्र प्रतीक कुमार ने NEET UG 2026 में 720 में से 594 अंक हासिल कर 99.3 पर्सेंटाइल प्राप्त किया। उनके पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं और करीब 16 हजार रुपये मासिक वेतन पाते हैं। प्रतीक ने पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के PACE (पेस) कार्यक्रम के तहत मुफ्त ऑनलाइन क्लास और मॉक टेस्ट की मदद से तैयारी की। उनका सपना भविष्य में ऑन्कोलॉजिस्ट (कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर) बनकर मरीजों की सेवा करना है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में बैडमिंटन को मिलेगा नया बूस्ट, CM मान ने इंडोर हॉल के लिए 2.14 करोड़ मंजूर किए
पिता ने जताया सरकार का आभार
प्रतीक के पिता ने कहा कि शिक्षा ही उनके परिवार की किस्मत बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई मुफ्त कोचिंग और मॉक टेस्ट सुविधा को बेटे की सफलता का अहम कारण बताया।
शिक्षा सुधारों का दिख रहा असर
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मेंटरशिप और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लगातार निवेश कर रही है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे को उसके सपनों को पूरा करने के लिए विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।






