पत्रकार सिर्फ खबर नहीं लिखते, भविष्य का इतिहास भी गढ़ते हैं: CM सैनी

SHARE:

CM Nayab Saini say Truth and responsibility are the real strength of Journalism: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि वर्तमान को शब्द देते हैं और भविष्य का इतिहास भी गढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि हर खबर समय का दस्तावेज होती है और हर तस्वीर समाज की चेतना का आईना बन जाती है। पत्रकारिता केवल कलम और स्याही से नहीं, बल्कि समाज के विश्वास, जनमत और लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी से संचालित होती है।

मुख्यमंत्री बुधवार को संत कबीर कुटीर में सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम (SJF), चंडीगढ़ से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब समाज में संवाद निरंतर, सार्थक और जीवंत बना रहे। इसमें पत्रकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

भारतीय पत्रकारिता की जड़ें हमारी परंपरा में

मुख्यमंत्री  नायब सैनी ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता की जड़ें हमारी सनातन परंपरा में हैं। उन्होंने महर्षि नारद को दुनिया का पहला संदेशवाहक बताते हुए कहा कि उनका उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि सत्य, संतुलन और लोककल्याण का संदेश पहुंचाना था। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह जैसे महान नेताओं ने भी अपने लेखन के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना जगाई।

AI और सोशल मीडिया के दौर में सत्य सबसे जरूरी

मुख्यमंत्री  सैनी ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सोशल मीडिया के दौर में सूचना कुछ ही क्षणों में पूरी दुनिया तक पहुंच जाती है। ऐसे समय में सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि सूचना कितनी तेजी से फैलती है, बल्कि यह है कि वह कितनी सत्य और प्रमाणिक है। उन्होंने कहा कि समाज को सही दिशा केवल अनुभवी और जिम्मेदार पत्रकार ही दे सकते हैं।

तथ्यों पर आधारित आलोचना लोकतंत्र की ताकत

उन्होंने कहा कि आलोचना लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन वह तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। समाज को केवल ब्रेकिंग न्यूज ही नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, समाधान और प्रेरणादायक उदाहरणों की भी जरूरत है। जब पत्रकारिता सत्य, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ती है, तो वह राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बन जाती है।

पत्रकारों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और संवाद के सिद्धांत पर काम कर रही है। इसी भावना के साथ पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन दी जाती है। इसके अलावा पत्रकारों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस योजना लागू है, जिसका पूरा प्रीमियम राज्य सरकार वहन करती है। गंभीर बीमारी, दुर्घटना या मृत्यु की स्थिति में पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।

विकास योजनाओं का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री सैनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत और चिरायु हरियाणा जैसी योजनाओं से लाखों परिवारों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में मिशन बुनियाद और सुपर-100 योजना की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने गरीब परिवारों के बच्चों को नई उड़ान दी है। हाल ही में सुपर-100 के कई विद्यार्थियों ने IIT, NIT और NEET जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।

 ये भी पढ़ें- हरियाणा के नूंह में बवाल, दो गुटों के संघर्ष में चली गोली, एक की मौत, 50 पर केस

स्वास्थ्य सुविधाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा में मेडिकल कॉलेजों की संख्या काफी कम थी, जबकि अब अधिकांश जिलों में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा चुके हैं और बाकी जिलों में भी तेजी से काम चल रहा है। सरकार जिला अस्पतालों में निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि पत्रकार आगे भी निष्पक्ष, जिम्मेदार और रचनात्मक भूमिका निभाते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।

Join us on:

Leave a Comment