Haryana launches digital portal for school sports registrations: हरियाणा सरकार ने स्कूल खेलों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर दी है। स्कूल शिक्षा विभाग ने एक ऑनलाइन स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल लॉन्च किया है, जिसके जरिए सरकारी और निजी मान्यता प्राप्त स्कूलों के छात्र-खिलाड़ियों का पंजीकरण किया जाएगा। सभी स्कूलों को 31 जुलाई 2026 तक पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
खेलों से जुड़ी पूरी जानकारी होगी ऑनलाइन दर्ज
शिक्षा विभाग के अनुसार, इस पोर्टल का उद्देश्य विभिन्न खेलों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का सटीक और केंद्रीकृत रिकॉर्ड तैयार करना है। पोर्टल पर स्पोर्ट्स कैटेगरी, खेल का नाम, आयु वर्ग और पात्रता से जुड़ी अन्य जरूरी जानकारी दर्ज की जाएगी। यह प्रक्रिया खेल विभाग के साथ समन्वय में तैयार की गई है।
मैनुअल प्रक्रिया खत्म, बढ़ेगी पारदर्शिता
विभाग का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से कागजी कार्रवाई खत्म होगी और डेटा एंट्री में होने वाली गलतियों पर भी रोक लगेगी। पोर्टल में ऑटोमैटिक एलिजिबिलिटी वैलिडेशन सिस्टम भी जोड़ा गया है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि केवल पात्र विद्यार्थी ही सही खेल और आयु वर्ग में पंजीकृत हों।
ये भी पढ़ें- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, NEET-UG विवाद के बीच लिया बड़ा फैसला
राज्यभर में बनेगा छात्र खिलाड़ियों का डेटाबेस
नई डिजिटल व्यवस्था से स्कूल खेलों में छात्रों की भागीदारी की निगरानी आसान होगी। इसके साथ ही पूरे हरियाणा के छात्र खिलाड़ियों का एक व्यापक डेटाबेस तैयार होगा, जिससे स्कूल खेलों के संचालन और योजना बनाने में भी मदद मिलेगी।
स्कूल MIS लॉगिन से होगा पोर्टल एक्सेस
स्कूलों को बताया गया है कि पोर्टल पर लॉगिन के लिए वही School MIS Login ID और Password इस्तेमाल होंगे, जो पहले से स्कूलों के पास उपलब्ध हैं। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (DEEO) और खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को भी समय सीमा के भीतर पंजीकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
तकनीकी सहायता के लिए हेल्पडेस्क भी शुरू
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या के समाधान के लिए शिक्षा विभाग ने हेल्पडेस्क की भी व्यवस्था की है। विभाग ने सभी स्कूलों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते पंजीकरण पूरा करें, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके और अधिक से अधिक विद्यार्थी स्कूल खेलों में हिस्सा ले सकें।





