होशियारपुर सेंट्रल जेल में खुला आम आदमी क्लिनिक, 1,400 कैदियों को मिलेगा मुफ्त इलाज

SHARE:

Aam Aadmi Clinic opened in Hoshiarpur Central Jail: पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने सोमवार को होशियारपुर सेंट्रल जेल परिसर में स्थापित नए आम आदमी क्लिनिक का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार पंजाब के हर कोने तक बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पंजाब में आम आदमी क्लिनिक की संख्या 1,090 हुई

मंत्री ने बताया कि राज्य में अब तक 1,090 आम आदमी क्लिनिक स्थापित किए जा चुके हैं। इनमें लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ 45 प्रकार की मुफ्त जांच और 100 से अधिक आवश्यक दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। होशियारपुर जिले में यह 77वां आम आदमी क्लिनिक है।

जेल के 1,400 से अधिक कैदियों को मिलेगा लाभ

डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि पंजाब की आठ जेलों में पहले ही आम आदमी क्लिनिक शुरू किए जा चुके हैं। होशियारपुर सेंट्रल जेल में स्थापित इस नए क्लिनिक से 1,400 से अधिक कैदी जेल परिसर में ही नियमित स्वास्थ्य जांच, इलाज और डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाओं की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

हर क्लिनिक में मेडिकल स्टाफ की तैनाती

उन्होंने बताया कि प्रत्येक आम आदमी क्लिनिक में मेडिकल ऑफिसर, फार्मासिस्ट, क्लिनिक असिस्टेंट और हेल्पर की नियुक्ति की गई है, ताकि मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

ये भी पढ़ें- पंजाब ने स्कूल शिक्षा में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली को पछाड़ा, CM मान ने गिनाईं उपलब्धियां

5.90 करोड़ मरीजों ने उठाया लाभ

मंत्री ने कहा कि अब तक पंजाब के आम आदमी क्लिनिकों में 5.90 करोड़ से अधिक मरीज इलाज करा चुके हैं, जबकि 3.50 करोड़ से ज्यादा डायग्नोस्टिक टेस्ट किए जा चुके हैं। पहले 990 क्लिनिकों में प्रतिदिन करीब 83 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते थे। अब क्लिनिकों की संख्या बढ़कर 1,090 होने से और अधिक लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

300 और आम आदमी क्लिनिक खोलने की तैयारी

डॉ. रवजोत सिंह ने बताया कि आम आदमी क्लिनिकों में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, स्वास्थ्य जांच और पोषण संबंधी परामर्श जैसी सेवाएं भी दी जा रही हैं। राज्य सरकार आने वाले महीनों में 300 और आम आदमी क्लिनिक खोलने की योजना पर काम कर रही है, ताकि प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा और बढ़ाया जा सके।

 

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें