Haryana’s 5 major initiatives for dairy sector: हरियाणा सरकार ने डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देने के लिए पांच बड़े फैसलों की घोषणा की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को डेयरी किसानों, विशेषकर महिलाओं की आय बढ़ाने और सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लगातार किसानों और महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र को आधुनिक और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। इन पहलों से हरियाणा को देश के अग्रणी दुग्ध उत्पादक राज्यों में और मजबूत पहचान मिलेगी।
महिला स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा 10 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन
सरकार ने घोषणा की है कि महिला स्वयं सहायता समूह (SHGs) और महिला सहकारी बहुउद्देशीय कृषि ऋण एवं सेवा समितियों (CMPACS) से जुड़ी महिलाएं यदि वीटा (VITA) को दूध उपलब्ध कराती हैं, तो उन्हें 10 रुपये प्रति लीटर का प्रोत्साहन दिया जाएगा। इस पहल से अधिक महिलाओं को डेयरी व्यवसाय अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
ये भी पढ़ें- हरियाणा में भूमि रिकॉर्ड हुए पूरी तरह डिजिटल, 100 रुपये में घर बैठे डाउनलोड करें प्रमाणित कॉपी
गांवों में बनेंगी ‘सांझी डेयरियां’
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांवों की पंचायत भूमि पर ‘सांझी डेयरियां’ स्थापित की जाएंगी। इन सामुदायिक डेयरियों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के पशुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे डेयरी संचालन की लागत कम होगी और महिलाओं की आमदनी बढ़ेगी।
दुधारू पशु खरीदने के लिए मिलेगा सस्ता ऋण
हरियाणा डेयरी विकास सहकारी संघ (HDDCF) के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों और महिला CMPACS की सदस्याओं को रियायती ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। इस राशि का उपयोग महिलाएं दुधारू पशु खरीदने के लिए कर सकेंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
दूध उत्पादकों के लिए बढ़ी प्रोत्साहन राशि
मुख्यमंत्री दूध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत सरकार ने HDDCF को दूध उपलब्ध कराने वाले किसानों के लिए प्रोत्साहन राशि भी बढ़ा दी है। नई दरों के अनुसार गर्मी के मौसम में प्रोत्साहन राशि 5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 7 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। सर्दी के मौसम में यह राशि 3 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगा नया बल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास जताया कि इन पांच पहलों से डेयरी क्षेत्र को नई गति मिलेगी, महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ पहुंचेगा। सरकार का लक्ष्य किसानों और महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ हरियाणा को डेयरी उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है।





