पंजाब सरकार ने NEET और JEE परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले 300 से अधिक प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया

SHARE:

Punjab government honored more than 300 principals:  पंजाब सरकार ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने वाले 300 से अधिक सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों को सम्मानित किया। यह सम्मान पंजाब अकादमिक कोचिंग फॉर एक्सीलेंस (PACE) कार्यक्रम के तहत JEE (Main), JEE (Advanced) और NEET UG 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के प्रिंसिपलों को दिया गया। मोहाली क्लब में आयोजित समारोह में पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रिंसिपलों को सम्मानित किया।

पंजाब के सरकारी स्कूलों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में इस वर्ष उल्लेखनीय सफलता हासिल

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब के सरकारी स्कूलों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में इस वर्ष उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि JEE (Main) 2026 में सरकारी स्कूलों के 361 छात्रों ने सफलता हासिल की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 35.2 प्रतिशत अधिक है। JEE (Advanced) 2026 में 64 छात्र सफल हुए, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 45.5 प्रतिशत की वृद्धि है। NEET UG 2026 में 882 छात्रों ने परीक्षा दी, जबकि वर्ष 2025 में यह संख्या 847 और वर्ष 2024 में 437 थी। दो वर्षों में यह संख्या दोगुने से भी अधिक हो गई।

सरकारी स्कूलों के छात्र अब देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पाने में सक्षम

शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों के 10 छात्रों ने IIT, 36 छात्रों ने NIT और 90 से अधिक छात्रों ने सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि सरकारी स्कूलों के छात्र अब देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पाने में सक्षम हैं।

पंजाब के शिक्षा मॉडल की पूरे देश में हो रही चर्चा

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब का शिक्षा मॉडल पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उन्होंने बताया कि साल 2022 में सरकारी स्कूलों के 80 से भी कम छात्र इन प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते थे, जबकि अब 882 छात्र NEET जैसी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी स्कूल की इमारत अच्छी होने से ही शिक्षा का स्तर नहीं बढ़ता, बल्कि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और छात्रों के प्रति प्रतिबद्धता ही सफलता की असली कुंजी है।

ये भी पढ़ें- सीएम भगवंत मान ने कहा, 1 अगस्त को 40 लाख महिलाओं के बजेंगे मोबाइल फोन

3,000 को JEE-NEET की विशेष तैयारी कराई गई

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जून 2026 में अमृतसर, बठिंडा, जालंधर और मोहाली में चार बड़े आवासीय कोचिंग शिविर आयोजित किए गए। इनमें करीब 3,000 छात्रों को विशेषज्ञों द्वारा पढ़ाई, मॉक टेस्ट, डाउट सेशन, करियर मार्गदर्शन और JEE-NEET की विशेष तैयारी कराई गई।

मनीष सिसोदिया ने कहा,  शिक्षक ही स्कूलों को ज्ञान और सपनों का केंद्र बनाते हैं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि केवल इमारतें बनने से स्कूल नहीं बनते, बल्कि शिक्षक ही स्कूलों को ज्ञान और सपनों का केंद्र बनाते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा क्रांति का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के छात्रों को विश्वस्तरीय शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे IIT, NIT, मेडिकल कॉलेजों और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर सकें। इस कार्यक्रम में पंजाब स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Join us on:

Leave a Comment