Selection of daughters from Jhajjar for the Indian hockey team: झज्जर की बेटियां खेल के मैदान में एक बार फिर से हरियाणा का नाम रौशन कर रही हैं। दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए आयोजित होने वाले FHI पैरा हॉकी विश्वकप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम में हरियाणा के झज्जर की तमन्ना और साक्षी को स्थान मिला है। ये दोनों खिलाड़ी मिलकर अब 20 से 24 अगस्त तक नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होने वाले ऐतिहासिक विश्व कप में भारतीय टीम के साथ हॉकी का दम दिखाएंगी।
18 अगस्त को भारतीय पैरा हॉकी टीम नीदरलैंड्स के लिए होगी रवाना
29 अक्टूबर 2025 को इस ऐतिहासिक सफर की नींव गुरुग्राम के नेहरू स्टेडियम में रखी गई थी। यहीं पर हॉकी का नेशनल लेवल-1 कोचिंग कैंप आयोजित किया गया था। फिर 22 से 26 फरवरी 2026 तक फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्टेडियम में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए पहली राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप आयोजित की गई थी। विश्व कप के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए 15 से 24 जुलाई तक फरीदाबाद में राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। अब 9 से 18 अगस्त तक अंतिम प्रशिक्षण शिविर के बाद 18 अगस्त को भारतीय पैरा हॉकी टीम नीदरलैंड्स के लिए रवाना होगी।
तमन्ना मिडफील्डर के साथ गोलकीपर की भूमिका निभा सकती है
भारतीय हॉकी टीम में शामिल झज्जर की तमन्ना मिडफील्डर के साथ गोलकीपर की भूमिका भी निभा सकती हैं, जबकि साक्षी को डिफेंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ियों से भारतीय टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। इस टीम में पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरल और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं। भारतीय पैरा हॉकी टीम के सम्मान में आज फरीदाबाद के सेक्टर-81 में एक सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
मैच में 16 देशों की टीमें लेगी हिस्सा
पहले पैरा हॉकी विश्व कप में भारत के अतिरिक्त बेल्जियम, नीदरलैंड्स, मलेशिया, पाकिस्तान, फ्रांस, जर्मनी, जापान, आयरलैंड, इटली, अमेरिका, बुल्गारिया, चिली, इंग्लैंड, स्पेन और उज्बेकिस्तान की टीमें हिस्सा लेंगी। 20 से 23 अगस्त तक लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि 24 अगस्त को फाइनल और पदक मुकाबले होंगे। झज्जर की तमन्ना और साक्षी के भारतीय टीम में चयन से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर अब पूरे जिले की नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें- राघव चड्डा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी, स्मृति ईरानी और अनुराग ठाकुर की वापसी तय






