CM Saini Launches Portal to Engage Volunteers in School Teaching: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में शिक्षा विभाग के ‘स्वयंसेवक शिक्षक पंजीकरण पोर्टल’ (Volunteer Teacher Registration Portal) का शुभारंभ किया। इस पोर्टल के माध्यम से, जो स्वयंसेवक स्वेच्छा से स्कूलों में पढ़ाना चाहते हैं, वे अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
इच्छुक लोगों को शिक्षा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शुरू हुआ पोर्टल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कई सेवानिवृत्त शिक्षक, पूर्व सैनिक और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग विभिन्न सरकारी पहलों से जुड़कर समाज के लिए अपना खाली समय देना चाहते हैं। यह पोर्टल ऐसे सामाजिक रूप से प्रतिबद्ध लोगों और स्वेच्छा से सेवा देने के इच्छुक लोगों को शिक्षा विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा, एक साल के भीतर राज्यभर में 700 सरकारी स्कूलों की इमारतें बनाई जायेंगी
शिक्षकों की कमी को पूरा करने में भी मदद मिलेगी
इससे राज्य में शिक्षकों की कमी को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त शिक्षक, पढ़ाने के इच्छुक पूर्व सैनिक, सीनियर कक्षाओं के छात्र और स्वयंसेवा के तौर पर पढ़ाने में रुचि रखने वाले व्यक्ति इस पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। पंजीकृत स्वयंसेवकों में से उपयुक्त और पात्र उम्मीदवारों का चयन करने के लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाएगा। इस समिति में पुलिस विभाग के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) रैंक के एक अधिकारी को भी शामिल किया जाएगा। समिति की सिफारिशों के आधार पर, पात्र स्वयंसेवकों को शिक्षा विभाग से जोड़ा जाएगा और उन्हें शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के अवसर दिए जाएंगे।






