Haryana introduces UPI payments at 610 public healthcare institutions: हरियाणा ने राज्य भर के 610 सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में UPI-आधारित डिजिटल भुगतान की सुविधा शुरू की है। साथ ही, ऐसी व्यवस्था का विस्तार किया गया है जिससे मरीज अस्पताल जाने से पहले घर बैठे ही आउटपेशेंट डिपार्टमेंट (OPD) के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों के लिए शुरू की गई इस पहल से सरकारी अस्पतालों में लंबी कतारें कम होंगी और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
अस्पताल जाना और भी सुविधाजनक
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव, सुमिता मिश्रा ने बताया कि इस पहल से अस्पताल जाना और भी सुविधाजनक हो जाएगा। इससे रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया सरल होगी, पेमेंट काउंटर पर लगने वाला समय घटेगा और पारंपरिक तरीकों की जगह डिजिटल विकल्प उपलब्ध होंगे। हालांकि, सरकारी अस्पतालों में सीधे अस्पताल पहुंचकर रजिस्ट्रेशन कराने (वॉक-इन रजिस्ट्रेशन) और नकद भुगतान की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन या डिजिटल पेमेंट ऐप नहीं हैं, उन्हें किसी भी सेवा से वंचित नहीं रखा जाएगा।
सुविधा सभी 23 जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में भी उपलब्ध
यह डिजिटल पेमेंट सिस्टम हरियाणा के सभी 23 जिला सिविल अस्पतालों, 52 सिविल और उप-सिविल अस्पतालों, 121 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और 414 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लागू कर दिया गया है। मरीज OPD और इनपेशेंट डिपार्टमेंट (IPD) रजिस्ट्रेशन, मेडिको-लीगल मामलों और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए UPI के जरिए भुगतान कर सकते हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह सुविधा सभी 23 जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों में भी उपलब्ध करा दी गई है।
‘स्कैन एंड पे’ (Scan and Pay) की सुविधा भी शुरू
विभाग ने ‘ई-उपचार अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली’ (e-Upchar Hospital Management Information System) से जुड़े 23 जिला सिविल अस्पतालों, 31 सिविल और उप-सिविल अस्पतालों तथा अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में घर बैठे OPD के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन (प्री-रजिस्ट्रेशन) करने की सुविधा को और मजबूत किया है। मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले ही अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं, जिससे काउंटर पर लगने वाला समय बचेगा। जो लोग ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करते हैं, उन्हें तय तारीख और समय पर ही अस्पताल पहुंचना होगा। अस्पतालों में प्री-रजिस्ट्रेशन के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं, जबकि फीस भुगतान की प्रक्रिया को तेज करने के लिए ‘स्कैन एंड पे’ (Scan and Pay) की सुविधा भी शुरू की गई है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी 5 लाख करोड़ रुपये के निवेश की मांग को लेकर गुजरात का करेंगे दौरा





