Woman alleges Uber driver locked car: एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) प्रोफेशनल ने आरोप लगाया है कि किराए को लेकर हुए विवाद के बाद, एक उबर कैब ड्राइवर ने उसे कार के अंदर बंद कर दिया, उसके साथ बदसलूकी की और उसका हाथ पकड़ लिया। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस घटना के बारे में बताया, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
ड्राइवर की पहचान जमील जाहिद खान के रूप में
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि वे महिला से संपर्क करने की कोशिश कर रहे हैं और शिकायत मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई करेंगे। महिला की पोस्ट के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 4:45 बजे हुई, जब वह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची और गुरुग्राम जाने के लिए उबर कैब बुक की। ऐप पर किराया लगभग 625 रुपये दिखा रहा था। हालांकि, ट्रिप खत्म होने के बाद, ड्राइवर जिसकी पहचान महिला ने जमील जाहिद खान के रूप में की है । ड्राइवर ने उसे ‘रैपिडो’ (Rapido) का एक स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें किराया 1,479 रुपये लिखा था। ड्राइवर ने इसी रकम की मांग की। जब महिला ने बताया कि वह स्क्रीनशॉट रैपिडो का है, उबर का नहीं, तो ड्राइवर ने उसी रकम को चुकाने के लिए जोर दिया जो रैपिडो पर दिख रही थी। महिला ने कहा कि वह उबर ऐप पर दिख रहा किराया पहले ही चुका चुकी थी।
ड्राइवर ने कार लॉक कर दी
महिला ने अपनी पोस्ट में लिखा, “इसके बाद, ड्राइवर ने कार लॉक कर दी और कहा कि जब तक मैं 1,479 रुपये नहीं दूंगी, तब तक वह मुझे अपना सामान नहीं निकालने देगा। जब मैंने अपना सामान लेने की कोशिश की, तो उसने मेरा हाथ पकड़ लिया और मुझे सामान निकालने से रोकने के लिए सामने की सीट की खिड़की बंद कर दी। आखिरकार, मैं अपना सामान निकालने में कामयाब रही और अपने घर के अंदर जाने की कोशिश की। लेकिन, ड्राइवर मेरे पीछे आया और मुझे गालियां दीं। वह यहीं नहीं रुका, बल्कि मेरे घर के गेट पर चढ़ने लगा और मुझे धमकी भी दी।” महिला ने उबर के सपोर्ट अकाउंट को टैग किया और कंपनी से तुरंत जवाब, उचित जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। उसने कंपनी से ट्रिप की डिटेल और ड्राइवर का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए भी कहा। इसके बाद, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उबर से तुरंत कार्रवाई करने की अपील की।
हरियाणा ने 6 HCS अधिकारियों का तबादला किया; धीरज चहल की तैनाती के आदेश बाद में जारी किए जाएंगे
ड्राइवर का उबर ऐप एक्सेस हटा दिया गया
उबर ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “जो कुछ बताया गया है, वह बेहद चिंताजनक है और उबर प्लेटफॉर्म पर ऐसे व्यवहार के लिए कोई जगह नहीं है। इस तरह का बर्ताव हमारी ‘कम्युनिटी गाइडलाइंस’ का उल्लंघन है, इसलिए हमने ड्राइवर का उबर ऐप एक्सेस हटा दिया है। हम कानून लागू करने वाली एजेंसियों (पुलिस) को उनकी जरूरत के अनुसार कोई भी जानकारी देकर मदद करने के लिए तैयार हैं।” एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमें अभी तक महिला की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन हमने उसकी सोशल मीडिया पोस्ट का संज्ञान लिया है और मामले की जांच कर रहे हैं।”





