Lok Milni: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को नकोदर के पास सरिन्ह गांव में एक ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम आयोजित किया और विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस कार्यक्रम में गायक कंठ कलेर, नकोदर से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक इंद्रजीत कौर मान और जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में आसपास के इलाकों से काफी संख्या में लोग जुटे।
सरकारी कल्याणकारी योजनाएं कोई दान-पुण्य नहीं
वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कल्याणकारी योजनाएं कोई दान-पुण्य नहीं हैं, बल्कि यह जनता के पैसे की ही वापसी है। उन्होंने कहा कि नागरिक रोजमर्रा की खरीदारी और उपभोग पर टैक्स देकर सरकारी खजाने में योगदान देते हैं, इसलिए यह उनका हक है। पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल के दौरान आम लोगों के कल्याण के लिए सरकारी फंड का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया गया।
अगली मासिक किस्त 1 नवंबर को बैंक खातों में आ जाएगी
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी आर्थिक मदद से महिलाओं को घर के खर्च चलाने, पुराने बकाया चुकाने और परिवार के अन्य सदस्यों पर अपनी आर्थिक निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों को भरोसा दिलाया कि अगली मासिक किस्त 1 नवंबर को उनके बैंक खातों में आ जाएगी।
त्योहार मनाने के लिए पैसों की जरूरत नहीं है, बस व्रत रखना है
करवा चौथ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री मान ने हल्के-फुल्के अंदाज में महिलाओं से कहा कि त्योहार मनाने के लिए उन्हें पैसों की जरूरत नहीं है, उन्हें बस व्रत रखना है। उन्होंने एक निजी किस्सा भी साझा किया और बताया कि उनकी पत्नी उनसे कह रही थीं कि वे अगले दिन रस्मों के लिए जल्दी घर लौट आएं।





