पुलिस का नशे पर शिकंजा, 3 गिरफ्तार

SHARE:

गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपी

 

कुरुक्षेत्र। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुरुक्षेत्र पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। महिला आरोपी के कब्जे से 4 किलो 30 ग्राम अफीम बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने मुख्य आरोपी महिला सेनू देवी निवासी भटौली खरोह, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही अफीम मंगवाने के आरोप में कुलदीप सिंह उर्फ दीपू निवासी मलूक माजरा, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) और हरबंस लाल निवासी दासो माजरा, जिला सोलन को भी काबू किया गया।
पुलिस को 13 मार्च को गुप्त सूचना मिली थी कि सेनू देवी हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में अफीम सप्लाई करती है और उसी दिन यमुनानगर से बस के जरिए पीपली पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने थाना सदर थानेसर क्षेत्र में पीपली चौक के पास नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की।
कुछ समय बाद लाडवा की ओर से एक महिला संदिग्ध अवस्था में पैदल आती दिखाई दी। शक के आधार पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम सेनू देवी बताया। इसके बाद राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में महिला पुलिसकर्मियों द्वारा उसकी तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 4 किलो 30 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ थाना सदर थानेसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच कर रहे सहायक उप निरीक्षक प्रवीन कुमार ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 11 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया।
पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसी दिन कुलदीप सिंह उर्फ दीपू को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद 16 मार्च को एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए दूसरे आरोपी हरबंस लाल को भी काबू कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी जांच जारी है और नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

NCR Plus News
Author: NCR Plus News

Join us on:

Leave a Comment