सोनीपत में पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर हुई मुठभेड़, बाल-बाल बचे इंस्पेक्टर राजीव

SHARE:

सोनीपत: मंगलवार की देर रात सोनीपत में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने से पूरे इलाके में सनसनी का माहौल छा गया। मुठभेड़ में गौरड़ गांव के खेतों में क्राइम यूनिट वन की टीम और दो बदमाशों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में सीआईए इंस्पेक्टर राजीव की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी। गनीमत यह रही कि बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से इंस्पेक्टर की जान बाल-बाल बच गई।

जानिए क्या है पूरा मामला 

पुलिस के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार क्राइम यूनिट वन को सूचना मिली थी कि दो कुख्यात बदमाश इलाके में मौजूद हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गौरड़ गांव के खेतों में घेराबंदी की। ऐसे में खुद को घिरता देख कुख्यात बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसकी जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी कई राउंड गोलियां चलाईं। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से दबोच लिया। इस दौरान घायल बदमाश की पहचान राजू उर्फ बांडा निवासी किडौली के रूप में हुई है। जबकि गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय निवासी बहादुरगढ़ के तौर पर की गई है।

बदमाशों के पास से 32 बोर का अवैध पिस्तौल और बर्फ तोड़ने वाला सुंआ बरामद

पुलिस अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों बदमाशों ही बहुत शातिर किस्म के अपराधी हैं। इन बदमाशों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत दर्जनभर से ज्यादा मामले कई थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्टल और बर्फ तोड़ने वाला सुंआ बरामद किया है। घायल बदमाश राजू को इलाज के लिए खरखौदा नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गिरफ्तार बदमाश से पूछताछ जारी

पुलिस गिरफ्तार बदमाश संजय से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि ये दोनों बदमाश क्या किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थे। मामले की गंभीरता से जांच जा रही है अपराधियों के आरोपी नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।

 

 

Join us on:

Leave a Comment