कैथल: हरियाणा के कैथल थाना तितरम और सीआईए‑1 पुलिस टीम ने एक युवक के अपहरण और मारपीट के मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांचो आरोपियों को गिरफ्तार कर सड़क पर पब्लिक के सामने परेड करवाई।
सीआईए‑1 प्रभारी सब‑इंस्पेक्टर जसवंत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया क विवेक निवासी सिसला ने 8 मई की शाम लगभग 5:30 बजे की घटना की रिपोर्ट दी थी। शिकायतकर्ता विवेक ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त के साथ बाइक पर सिसला से सिसमौर जा रहा था। सिसमौर के एक हलवाई की दुकान के पास सफेद स्विफ्ट कार से गांव का ही युवक मोहित उतरा और अचानक उस पर हमला कर दिया। उसके साथी चीना उर्फ पाई ने भी थप्पड़ और मुक्के मारे। दोनों आरोपियों ने विवेक को जबरन कार में बैठाकर कैथल के सेक्टर‑18 स्थित एक कॉलोनी ले जाया, जहां उन्होंने अपने अन्य दो और साथियों को बुलाकर उसे कार के हेड रेस्ट और हाथ‑मुक्कों से पीटा और वीडियो बनवाया।
परिवार को दी जान से मारने की धमकी
विवेक को आरोपी चंदाना वाली नहर की ओर ले जाकर वहां मौजूद दो अन्य युवकों के साथ प्लास्टिक पाइप से मारपीट की। इस दौरान मोहित ने विवेक के कानों की सोने की मुरकी छीन ली। घायल अवस्था में विवेक को वापस सिसमौर छोड़ते समय आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उसने पुलिस में शिकायत की तो उसके परिवार को जान से मार देंगे। गंभीर रूप से घायल विवेक को सिविल अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया था। थाना तितरम में दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारियां कीं। जांच में सामने आया है कि विवेक और आरोपी मोहित के बीच पुरानी दुश्मनी चली आ रही थी, जिसके कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।






