पंजाब और चंडीगढ़ ने परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 रिपोर्ट में हासिल किया पहला स्थान

SHARE:

चंडीगढ़: शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी स्कूली शिक्षा के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) 2.0 रिपोर्ट में पंजाब और चंडीगढ़ ने पहला स्थान हासिल किया है।  दिल्ली, केरल, पड़ोसी राज्य हरियाणा और हिमाचल को भी पछाड़ते हुए पंजाब सबसे आगे निकल गया है। पंजाब ने प्राचेष्टा-1 ग्रेड हासिल किया है। टॉप के 4 ग्रेड पर कोई भी राज्य अपनी जगह नहीं बना पाया है जो उत्कर्ष, उत्तम-1, उत्तम-2 और उत्तम-3 है, इसलिए अभी भी इसमें सुधार की जरूरत है।

पंजाब को 709.1 स्कोर और चंडीगढ़ को 739.1 स्कोर

पंजाब को ओवरऑल स्कोर 709.1 मिला है जबकि चंडीगढ़ का स्कोर सबसे अधिक 739.1 रहा है। परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रदर्शन का मूल्यांकन उन्हें रैंक देने के बजाय विभिन्न ग्रेडों में वर्गीकृत करके करता है। यह 70 संकेतकों पर आधारित होता है जिसमें प्रमुख रूप से छह क्षेत्र शामिल हैं। इनमें परिणाम और गुणवत्ता, पहुंच, अवसंरचना और सुविधाएं, समानता, शासन प्रक्रिया और शिक्षक शिक्षा एवं प्रशिक्षण शामिल हैं।

पंजाब ने प्रचेष्टा-ग्रेड 1 हासिल किया

पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब ने प्रचेष्टा-ग्रेड 1 हासिल किया है। पंजाब के साथ यह उपलब्धि केवल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ ने हासिल की है। पंजाब ने केरल, दिल्ली, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश को पीछे छोड़ दिया है और इन सभी राज्यों को प्रचेष्टा-ग्रेड 2 में रखा गया है।

150.4 स्कोर के साथ पंजाब ने पूर्ण क्षेत्र सीखने के परिणाम और गुणवत्ता में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस क्षेत्र में तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों की भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान में दक्षता का मूल्यांकन किया जाता है और यह शैक्षणिक गुणवत्ता के आकलन का सबसे प्रभावशाली मानदंड है।

पंजाब के जिलों के लिए परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स 2024-25 में बरनाला ने 461 के स्कोर के साथ पूरे राज्य में पहला स्थान हासिल करते हुए प्रतिष्ठित उत्तम-2 ग्रेड प्राप्त किया है। इसके बाद श्री मुक्तसर साहिब, एसबीएस नगर (नवांशहर), होशियारपुर, संगरूर, तरनतारन और मालेरकोटला जिलों का नाम शामिल है।

 

 

Join us on:

Leave a Comment