चंडीगढ़: 26 मई को पंजाब में नगर निगम, नगर कौंसिल और नगर पंचायत चुनाव होने वाले हैं। चुनाव को मद्देनजर रखते हुए पंजाब सरकार ने 26 मई मंगलवार को सार्वजनिक छुट्टी का ऐलान किया है। इसके साथ ही चंडीगढ़ में स्थित पंजाब के सभी सरकारी दफ्तरों, बोर्डों, कॉरपोरेशनों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य सरकारी संस्थाओं में भी छुट्टी रहेगी।

ज्यादा से ज्यादा लोग अपने वोट के अधिकार का प्रयोग कर सके इसके लिए सरकार की ओर से यह बड़ा फैसला लिया गया है। सरकार ने इसे नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 के तहत अधिसूचित किया है, जिससे प्रदेशवासी बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें। 24 मई 2026 को पंजाब सरकार ने यह आदेश जारी कर दिया है। स्थानीय निकाय चुनाव के कारण शराब के ठेके भी सुबह 5 से शाम 6:00 बजे तक बंद रहेंगे इसको लेकर भी नोटिफिकेशन जारी किया जा रहा है।
इसके अलावा सरकार ने 25 मई सोमवार से अगले आदेशों तक सभी सरकारी दफ्तरों तथा शैक्षणिक संस्थानों का समय बदल दिया है। अब सरकारी दफ्तर और स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। सरकार की ओर से कहा गया है कि बढ़ती गर्मी और हीटवेव जैसी परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। आदेश सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, वित्तीय कमिश्नरों, प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, डिवीजनल कमिश्नरों और डिप्टी कमिश्नरों को भेज दिए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित की जाए।






