Pachkula Fake call centre: पंचकूला में अंतरराष्ट्रीय साइबरी ठगी के बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। पंचकूला साइबर थाना पुलिस ने सेक्टर-2 मार्केट स्थित एक ऑफिस में छापेमारी करते हुए इस रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाही के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया है जबकि चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अमेरिका के लोगों के साथ साइबर ठगी
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्रवाही को अंजाम दिया। उन्हें सूचना प्राप्त हुई थी कि सेक्टर-2 मार्केट में स्थित एक कार्यालय से विदेशी नागरिकों, विशेषकर अमेरिका के लोगों को निशाना बनाकर साइबर ठगी की जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार देर रात साइबर थाना टीम ने छापा मारा।
ये भी पढ़ें- 150 करोड़ के पंचकूला बैंक घोटाले में ED का बड़ा खुलासा, लग्जरी कारों और संपत्तियों में लगाया गया पैसा
मुख्य आरोपियों को किया गिरफ्तार
इस कार्रवाही के दौरान पुलिस ने नवदीप, अक्षय टिक्कू, रजा और अंकुर कपूर को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। मौके से 19 कंप्यूटर, 3 लैपटॉप, 11.30 लाख रुपये नकद, 3 वॉकी-टॉकी, 16 हेडसेट, 2 वाई-फाई राउटर, एक नोट गिनने की मशीन, 3 पीओएस मशीनें और सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
अमेजन कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को बनाते थे निशाना
शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को अमेजन कस्टमर केयर अधिकारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को फोन करते थे। बातचीत के दौरान वे लोगों को विभिन्न बहानों में उलझाकर उनके क्रेडिट कार्ड और बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल करते थे और बाद में खातों से रकम निकाल लेते थे। पुलिस के द्वारा की गई जांच में यह भी सामने आया है कि कॉल सेंटर का संचालन अमेरिकी समय के अनुसार किया जाता था। कार्यालय शाम करीब 7 बजे खुलता था और रात 3 बजे तक गतिविधियां चलती थीं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क ने अब तक कितने विदेशी नागरिकों को ठगी का शिकार बनाया और धोखाधड़ी की कुल रकम कितनी है। मामले में अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराध से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






