भाजपा अध्यक्ष बनीं अर्चना गुप्ता, नेताओं के संदेशों के बीच संभाली नई जिम्मेदारी

SHARE:

Archana Gupta Haryana BJP President: हरियाणा भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने बुधवार को पंचकूला में आयोजित समारोह के दौरान औपचारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

समारोह में सांसद सुभाष बराला, संजय भाटिया, कार्तिकेय शर्मा और रेखा शर्मा समेत अनेक मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी नेताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता को एक मजबूत संगठन विरासत में मिला है। उन्होंने कहा, “आपको तैयार फसल मिली है, ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को पूरा सम्मान मिलना चाहिए। यदि सभी को सम्मान मिलता रहा तो भाजपा लगातार चौथी बार सत्ता में लौट सकती है।”

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी को लेकर अहम सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़े पद पर पहुंचने के बाद व्यक्ति का नजरिया सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने डॉ. गुप्ता से ‘मैं’ की जगह ‘हम’ की भावना अपनाने की अपील की और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सामूहिक नेतृत्व का उदाहरण दिया।

ये भी पढ़ें- कुरुक्षेत्र दुष्कर्म मामला: आरोपी डॉ शैलेंद्र गिरफ्तार, महिला आयोग ने 3 दिनों के भीतर मांगी आरोपी की पूरी कुंडली

धनखड़ ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे, तब कई जगह उनका भव्य स्वागत होता था। ऐसे समय वह खुद को याद दिलाते थे कि सम्मान व्यक्ति का नहीं, बल्कि उसके पद का होता है। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया ने अपने चुटीले अंदाज से माहौल हल्का कर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी सहित मंच पर मौजूद नेताओं पर हल्के-फुल्के तंज कसे, जिससे समारोह में मौजूद लोग ठहाके लगाने लगे। पूनिया ने मजाकिया अंदाज में कहा कि मुख्यमंत्री हमेशा सरकार की ओर से पांच-छह पन्नों का भाषण लेकर आते हैं, जिस पर सैनी ने भी मुस्कुराते हुए प्रतिक्रिया दी।

इसी दौरान अनिल विज समारोह में पहुंचे तो पूनिया ने उनकी एंट्री को ‘हेवीवेट एंट्री’ बताते हुए माहौल को और खुशनुमा बना दिया। उन्होंने राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, रेखा शर्मा और कार्तिकेय शर्मा पर भी हल्का व्यंग्य करते हुए कहा कि भाजपा ने उनकी “बेरोजगारी” बहुत जल्दी खत्म कर दी।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. गुप्ता पार्टी के झंडे को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी और पूरा संगठन उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। डॉ. अर्चना गुप्ता के अध्यक्ष बनने के साथ ही भाजपा ने हरियाणा में आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार की दिशा में नए नेतृत्व के साथ अपनी रणनीति को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।

Join us on:

Leave a Comment