यमुनानगर: हरियाणा पुलिस ने एक शराब कारोबारी को ब्लैकमेल कर रंगदारी वसूलने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शिव कुमार साहनी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और वर्तमान में जगाधरी के सेक्टर-17 में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शनिवार को जगाधरी स्थित जिमखाना क्लब में उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह शिकायतकर्ता से 4 लाख रुपये की रंगदारी की रकम ले रहा था।
4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
छप्पर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
कारोबारी से मांगे थे 1 करोड़ रुपये
मामला पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी विनय साहनी की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि शिव साहनी और उसके सहयोगियों ने विभिन्न सरकारी विभागों में उसके खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराईं और उन्हें वापस लेने के बदले 1 करोड़ रुपये की मांग की। आरोप है कि धमकी दी गई थी कि यदि रकम नहीं दी गई तो कारोबारी का पूरा कारोबार बर्बाद कर दिया जाएगा। बाद में बातचीत के दौरान आरोपी ने मांग घटाकर 75 लाख रुपये कर दी।
ये भी पढ़ें- किसानों के लिए खुशखबरी, प्राकृतिक खेती पर हरियाणा सरकार देगी मोटी सब्सिडी
पहले भी दे चुका था 2.5 लाख रुपये
शिकायतकर्ता के अनुसार, अपनी सुरक्षा और कारोबार बचाने के लिए उसने 29 मई को आरोपी को 2.5 लाख रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ब्लैकमेलिंग और धमकियों का सिलसिला जारी रहा। इसके बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी पर नजर रखी और दूसरी किस्त के रूप में 4 लाख रुपये लेते समय उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने 6 जून को मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की थी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
आरोपी पक्ष ने लगाए झूठे फंसाने के आरोप
वहीं आरोपी के बेटे नमन साहनी ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि यह विवाद एक वैध कारोबारी लेन-देन से जुड़ा है। उसका कहना है कि शिकायतकर्ता ने ही उसके पिता को हिसाब-किताब के निपटारे के लिए बुलाया था और उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।






