रोहतक: हरियाणा के रोहतक-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दिल्ली पुलिसकर्मी का शव कार के अंदर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान सुधीर (35) के रूप में हुई है, जो झज्जर जिले के आसौदा गांव का निवासी था। वह दिल्ली के आदर्श नगर थाना में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था।
हाईवे किनारे खड़ी कार में मिला शव
जांच अधिकारी विनोद कुमार के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि सांपला कस्बे के पास हाईवे किनारे खड़ी एक कार में एक व्यक्ति बेसुध पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार के अंदर सुधीर मृत अवस्था में मिला। इसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें- शराब कारोबारी से 1 करोड़ की रंगदारी मांगने वाला गिरफ्तार, 4 लाख लेते पकड़ा गया
दम घुटने से मौत की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मौत दम घुटने (सफोकेशन) के कारण हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी साक्ष्य जुटाए और कार की जांच की।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।






