16 fixed-dose combination medicines banned: केंद्र सरकार ने देश में 16 फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के बाद ये दवाएं अब पूरे देश में प्रतिबंधित हो गई हैं। प्रतिबंधित दवाओं में त्वचा संबंधी कुछ क्रीम और लोशन, दर्द निवारक दवाएं, एंटीबायोटिक आधारित दवाएं तथा अन्य कई दवा संयोजन शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन दवाओं के उपयोग के पीछे पर्याप्त वैज्ञानिक आधार नहीं मिला और इनके फायदे की तुलना में संभावित जोखिम अधिक पाए गए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद हुई समीक्षा
यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद लिया गया है। अदालत ने देश में उपलब्ध फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं की व्यापक समीक्षा करने को कहा था। इसके बाद ड्रग्स टेक्निकल एडवाइजरी बोर्ड (DTAB) ने विशेषज्ञ समिति गठित कर विभिन्न दवा संयोजनों की जांच कराई। विशेषज्ञ समिति ने उन दवाओं की पहचान की, जिनकी चिकित्सीय उपयोगिता स्पष्ट नहीं थी या जो स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकती थीं। समिति की रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने 16 दवा संयोजनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया।
ये भी पढ़ें- SGPC ने CM भगवंत मान से मांगा इस्तीफा, विवादित वीडियो मामले में बढ़ा विवाद
एंटीबायोटिक और स्किन क्रीम भी सूची में
प्रतिबंधित दवाओं में पेनिसिलिन वर्ग की कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के संयोजन भी शामिल हैं। इसके अलावा एस्पिरिन और एथोहेप्टाजीन के मिश्रण वाली दर्द निवारक दवा पर भी रोक लगाई गई है। कुछ ऐसे स्किन प्रोडक्ट भी प्रतिबंधित किए गए हैं जिनमें एलोवेरा एक्सट्रैक्ट, एलैंटोइन, अल्फा टोकोफेरोल एसीटेट, डी-पैंथेनॉल और विटामिन-ए जैसे तत्वों का मिश्रण इस्तेमाल किया जाता था। इनका उपयोग मुख्य रूप से त्वचा की क्रीम और लोशन में किया जाता था।
सरकार ने इन दवाओं पर लगाया प्रतिबंध
एस्पिरिन (Acetylsalicylic Acid) + Ethoheptazine
Penicillin वर्ग की कुछ एंटीबायोटिक दवाओं के संयोजन
Aloe Extract + Allantoin + Alpha Tocopherol Acetate + D-Panthenol + Vitamin A वाली स्किन क्रीम/लोशन
Calamine + Aloes + Allantoin
Calamine + Diphenhydramine Hydrochloride + Aloe + Glycerine + Camphor
Povidone Iodine + Metronidazole + Aloe
Azithromycin + Adapalene
Clindamycin Phosphate + Zinc Acetate
Chlorphenesin + Zinc Oxide + Starch
Gamma Benzene Hexachloride + Benzocaine सहित कुछ अन्य संयोजन दवाएं और त्वचा उत्पाद।
मरीजों की सुरक्षा को बताया प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को केवल सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित दवाएं ही उपलब्ध हों। इससे पहले भी कई अवैज्ञानिक और गैर-जरूरी दवा संयोजनों पर प्रतिबंध लगाया जा चुका है।
राज्यों को दिए गए सख्त निर्देश
मंत्रालय ने सभी राज्यों के ड्रग कंट्रोलरों, नियामक एजेंसियों और प्रवर्तन अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दवा निर्माताओं, आयातकों और वितरकों को भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। सरकार के आदेश के अनुसार प्रतिबंधित 16 फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन दवाओं का निर्माण, बिक्री, वितरण और आपूर्ति अब पूरे देश में तत्काल प्रभाव से बंद रहेगी।






