500 बैग यूरिया जब्त, किसान संगठन के स्टिंग ऑपरेशन से खुला मामला

SHARE:

urea bags seized in Sirsa: हरियाणा के सिरसा जिले में कृषि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए यूरिया से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। किसान संगठन भारतीय किसान एकता (बीकेई) ने आरोप लगाया है कि किसानों के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध कराई जाने वाली कृषि ग्रेड यूरिया को तकनीकी ग्रेड यूरिया बताकर विभिन्न राज्यों के औद्योगिक इकाइयों को बेचा जा रहा था। बीकेई के प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने जानकारी देते हुए बताया कि संगठन को सूचना मिली थी कि पंचकूला के बरवाला स्थित एक निजी फर्म किसानों के लिए निर्धारित यूरिया की आपूर्ति उद्योगों को कर रही है। इसके बाद किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर एक स्टिंग ऑपरेशन चलाया।

ग्राहक बनकर किया सौदा

औलख के अनुसार, संगठन के कार्यकर्ताओं ने ग्राहक बनकर 500 बैग यूरिया खरीदने का सौदा किया और 20 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में जमा कराई। उन्होंने दावा किया कि अग्रिम राशि मिलने के बाद सप्लायर ने यूरिया की बोरियां ट्रक में लोड किए जाने के वीडियो भेजे और बाकी भुगतान की मांग की।

ये भी पढ़ें- 16 दवाओं की बिक्री और निर्माण पर लगा प्रतिबंध, स्वास्थ्य मंत्रालय का बड़ा फैसला

मोरीवाला के पास पकड़ा गया ट्रक

सूचना मिलने के बाद किसान संगठन के सदस्यों ने ट्रक की निगरानी की। बाद में सिरसा के मोरीवाला गांव के पास कृषि विभाग और पुलिस की टीम ने वाहन को रोक लिया। जांच के दौरान ट्रक से करीब 500 बैग यूरिया बरामद किए गए।

9.44 लाख रुपये की यूरिया जब्त

अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई यूरिया की कीमत लगभग 9.44 लाख रुपये आंकी गई है। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यूरिया की आपूर्ति किन-किन स्थानों पर की जानी थी तथा इस कथित नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।

जांच जारी

कृषि विभाग और पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

 

Join us on:

Leave a Comment