नूंह में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ अभद्रता, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आयी पुलिस

SHARE:

Desecration of Mahatma Gandhi’s statue in Nuh: हरियाणा के नूंह जिले के ऐतिहासिक घासेड़ा गांव में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर चढ़कर रील बनाने का मामला सामने आया है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोगों में नाराजगी फैल गई है। मामले को लेकर पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्रतिमा के कंधों पर बैठकर बनाई रील

वायरल वीडियो में दो युवक गांधी पार्क में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा के कंधों पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे फोटो खिंचवा रहे हैं और साथ में रील भी बना रहे हैं। बीते दो दिनों से यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। 

लोगों ने जताई नाराजगी

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई है। लोगों का कहना है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ इस तरह का व्यवहार उनकी गरिमा का अपमान है। कई लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- 500 बैग यूरिया जब्त, किसान संगठन के स्टिंग ऑपरेशन से खुला मामला

पुलिस से की गई कार्रवाई की मांग

जैसे-जैसे वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर कई लोगों ने नूंह पुलिस को टैग कर मामले में कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्ती जरूरी है ताकि भविष्य में कोई भी राष्ट्रीय महापुरुषों की प्रतिमाओं के साथ इस तरह की हरकत न करे।

पुलिस ने लिया संज्ञान

मामले का संज्ञान लेते हुए नूंह पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से कहा कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस के अनुसार महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान केवल एक स्मारक का अनादर नहीं, बल्कि उन मूल्यों और आदर्शों का भी अपमान है जिनका गांधीजी ने जीवनभर प्रतिनिधित्व किया।

युवकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद उनके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें