Rohtak Murder Case: हरियाणा के रोहतक जिले में 26 वर्षीय युवक नीरज की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। ये पूरा मामला 15 जून की सुबह का था जब इस्माइला गांव के निवासी नीरज का सिर कटा शव गांव के वाटरवर्क्स के पास खून से सना हुए हालत में बरामद हुआ था। इस हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी मचा दी थी। शुरुआती तौर पर यह मामला अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई हत्या माना जा रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
पुरानी रंजिश के कारण इस हत्याकांड को दिया अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य वजह थी। पुलिस के अनुसार, नीरज की उसके ही गांव के कुछ युवकों से पुरानी दुश्मनी चल रही थी, जो समय के साथ और गहरी होती गई और अंततः इस खौफनाक वारदात में बदल गई। घटना से एक दिन पहले यानी 14 जून की शाम नीरज अपने दो साथियों के साथ शराब पीने गया था। बताया गया कि उन्होंने पहले संपला बाइपास से शराब खरीदी और झज्जर-रोहतक फ्लाईओवर के नीचे बैठकर पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर नीरज और उसके साथियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। बाद में नीरज अकेला घर लौटने लगा।
दोनों परिवारों के बीच पहले से था विवाद
इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात आरोपियों से हुई, जिनकी पहचान रविंद्र उर्फ नन्हा और जतिन उर्फ बामन के रूप में हुई है, जबकि तीसरा आरोपी सचिन उर्फ काले अभी फरार है। पुलिस के मुताबिक, सचिन नीरज का पड़ोसी है और दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पहले नीरज को अपने साथ बाइक पर बैठाकर चुलियाना मोड़ की तरफ ले गए और वहां से और शराब खरीदी। इसके बाद सभी वाटरवर्क्स क्षेत्र की ओर पहुंचे, जहां उन्होंने साथ में शराब पी। इसी दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने ईंट और शराब की बोतल से नीरज पर हमला कर दिया।
also read: नूंह में महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ अभद्रता, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आयी पुलिस
सिर धड़ से अलग कर दिया
हमले में नीरज गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए ‘कस्सी’ (कृषि में इस्तेमाल होने वाला तेज धार वाला औजार) से उसका सिर धड़ से अलग कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आरोपी सचिन हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और उसके खिलाफ चोरी व छिनैती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बदला लेने के लिए हत्या को दिया अंजाम
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि लगभग पांच साल पहले दोनों परिवारों के बीच हुई मारपीट में सचिन के पिता को चोटें आई थीं, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस हत्या को अंजाम दिया। हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और तकनीकी व गवाहों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को पुलिस रिमांड में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था, जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई थी। हालांकि बाद में पुलिस के आश्वासन और कार्रवाई के बाद परिवार पोस्टमार्टम के लिए राजी हुआ और अंतिम संस्कार किया गया। फिलहाल पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की पूरी साजिश और घटनाक्रम और स्पष्ट हो जाएगा।






