2047 तक विकसित हरियाणा का लक्ष्य, सरकार तैयार करेगी जनभागीदारी वाला ब्लूप्रिंट

SHARE:

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने वर्ष 2047 तक राज्य के समग्र विकास के लिए 20 वर्षीय रोडमैप तैयार करने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को चंडीगढ़ में सभी विधायकों के साथ बैठक के बाद इसकी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के विजन के अनुरूप ‘विकसित हरियाणा-2047’ तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इसके तहत ‘मेरी विकसित विधानसभा’ अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग विकास योजना तैयार की जाएगी।

विधायक बनेंगे ‘विजन चैंपियन’

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में सभी विधायक ‘विजन चैंपियन’ की भूमिका निभाएंगे। वे जुलाई और अगस्त के दौरान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे और विभिन्न वर्गों से सुझाव जुटाएंगे। इस दौरान ग्रामीणों, शहरी नागरिकों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और अन्य हितधारकों से संवाद किया जाएगा। लोगों से मिले सुझावों के आधार पर क्षेत्रवार विकास का खाका तैयार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, मनमानी फीस वसूलने वाले स्कूलों पर होगी कार्रवाई

जनता की भागीदारी से बनेगी विकास योजना

सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं को पूरी तरह जन-केंद्रित बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के भविष्य की योजना जनता की अपेक्षाओं और जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जाएगी, ताकि वर्ष 2047 तक हरियाणा को देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने वर्ष 2047 को ध्यान में रखते हुए कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किए हैं। इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार और डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में दीर्घकालिक योजनाएं तैयार की जाएंगी।

विधानसभा स्तर पर बनेगा विकास ब्लूप्रिंट

‘मेरी विकसित विधानसभा’ अभियान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र की स्थानीय जरूरतों और संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर क्षेत्र विशेष के लिए विकास का ब्लूप्रिंट तैयार होगा, जिससे संतुलित और समावेशी विकास सुनिश्चित किया जा सके। सरकार का मानना है कि जनभागीदारी के जरिए तैयार यह रोडमैप हरियाणा को 2047 तक आर्थिक, सामाजिक और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मदद करेगा।

 

Join us on:

Leave a Comment