Nuh Gang Rape Case: हरियाणा के नूंह जिले में 19 वर्षीय युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के करीब एक महीने बाद पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने, उसका वीडियो बनाने और उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है।
वारदात के बाद हैदराबाद फरार हो गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार 23 वर्षीय आरोपी नूंह जिले के बिछौर क्षेत्र के इंदाना गांव का रहने वाला है। वारदात के बाद वह फरार होकर हैदराबाद चला गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी लगातार अपना मोबाइल फोन और सोशल मीडिया बंद रखकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। हालांकि पैसे खत्म होने के बाद जब वह अपने परिवार से मदद लेने के लिए वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे पलवल के अंधोप इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है, जिसमें कथित तौर पर गैंगरेप का वीडियो मौजूद था। अब मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा ताकि डिलीट किए गए डेटा को भी रिकवर किया जा सके।
घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू किया
पुलिस जांच के मुताबिक 18 और 19 मई की रात युवती घर में अकेली थी। इसी दौरान पांच आरोपी घर में घुस आए और कथित तौर पर उसे बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया और बाद में उसी वीडियो के जरिए युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि युवती ने 19 मई को अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- सिरसा में दो सरकारी कर्मचारियों की मौत से हड़कंप, एक मामले में मानसिक उत्पीड़न के आरोप
जांच के बाद होंगे कई खुलासे
इस मामले में 20 मई को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को अन्य आरोपियों की संलिप्तता के भी सबूत मिले। अब तक मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि एक आरोपी और उसकी पत्नी को श्रीनगर से गिरफ्तार किया गया था, जबकि आरोपी की एक रिश्तेदार महिला को उसे फरार होने में मदद करने के आरोप में नूंह से पकड़ा गया है। मामले में डीएनए रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद जांच में और अहम खुलासे हो सकते हैं।






