पति के अफेयर से परेशान टीचर ने की आत्महत्या, कमरे से बरामद हुआ सुसाइड नोट

SHARE:

पंचकूला: हरियाणा के पंचकूला में हिमाचल प्रदेश की एक 36 वर्षीय महिला टीचर के सुसाइड मामले में नया खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि टीचर अनिता के सॉफ्टवेयर इंजीनियर पति रघुवीर का उसकी ही एक दोस्त के साथ अफेयर था। आरोप है कि रघुवीर अनिता के सामने ही स्पीकर ऑन कर अपनी गर्लफ्रेंड से बात करता था। ये पूरा मामला 22 जून का है। 22 जून को अनीता का शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ था। पुलिस को आशंका है कि पति से विवाद के बाद उसने 20 जून को ही सुसाइड कर लिया था। पुलिस के मुताबिक, अनीता पिछले दो दिनों से किसी का फोन नहीं उठा रही थीं। इससे चिंतित उनके पति रघुबीर ने अपने 12 वर्षीय बेटे को मां की जानकारी लेने के लिए भेजा। बेटा अपने मामा के साथ हिमाचल प्रदेश के सोलन से कालका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी पहुंचा। जब दोनों घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद उन्होंने सीढ़ी की मदद से खिड़की से अंदर झांककर देखा तो अनीता का शव छत के पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

कमरे से मिला सुसाइड नोट

जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक डायरी मिली, जिसमें कथित तौर पर अनीता ने अपनी मौत के लिए पति के किसी दूसरी महिला से संबंध होने के संदेह को वजह बताया है। पुलिस ने डायरी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

14 साल पहले हुई थी शादी

अनीता हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के सराह गांव की रहने वाली थीं। उनकी शादी 14 साल पहले रघुबीर से हुई थी। वह जूनियर बेसिक टीचर (जेबीटी) के पद पर कार्यरत थीं और परवाणू के एक सरकारी स्कूल में तैनात थीं। नौकरी के कारण वह कालका में किराये के मकान में अकेली रहती थीं, जबकि उनके पति गुरुग्राम में नौकरी करते थे।

ये भी पढ़ें- जमीन अधिग्रहण के बदले गांवों को मिलेगी शहर जैसी सुविधा, CM मान की गारंटी

भाई ने लगाए गंभीर आरोप

मृतका के भाई देवीचंद ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कई वर्षों से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि अनीता को अपने पति के एक महिला रचना के साथ संबंध होने का संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रघुबीर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। पंचकूला पुलिस ने आरोपी पति रघुवीर को गिरफ्तार कर लिया है। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, एक दिन पहले पोस्टमॉर्टम के बाद अनिता का भाई शव को पैतृक गांव बरयाल ले गया, जहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। 

Join us on:

Leave a Comment