15 साल तक बेअदबी के दोषियों को बचाने वालों को संगत कभी माफ नहीं करेगी : भगवंत मान

SHARE:

पटियाला: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के दोषियों को 15 सालों तक बचाने वालों को संगत कभी माफ नहीं करेगी और इस घिनौने अपराध के जिम्मेदार लोग जल्द ही सलाखों के पीछे होंगे। पटियाला जिले के समाना विधानसभा क्षेत्र के गांव गजेवास में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 बेअदबी करने वालों को कड़ी सजा सुनिश्चित करेगा।

गांव के विकास के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गांव गजेवास के विकास के लिए सरपंच को 51 लाख रुपये का अनुदान चेक भी सौंपा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा, मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं और हर गांव में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

बादल और कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

भगवंत मान ने कहा कि सबसे अधिक बेअदबी की घटनाएं बादल सरकार के कार्यकाल में हुईं, लेकिन किसी भी दोषी को सजा नहीं मिली। इसके बजाय निर्दोष सिख संगत पर गोली चलाने के आदेश दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने भी दोषियों को सजा दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि जो लोग अब इस कानून का विरोध कर रहे हैं, उन्हें अपने किए की सजा भुगतनी होगी और वे जल्द जेल जाएंगे।

मानसिक बीमारी का बहाना नहीं चलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए कानून में ऐसा प्रावधान किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति मानसिक रूप से अस्थिर घोषित होता है, तब भी उसके अभिभावक, माता-पिता या संरक्षक को जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले आरोपी मानसिक बीमारी का बहाना बनाकर कानून से बच निकलते थे।

विपक्ष पर लगाए झूठे प्रचार के आरोप

भगवंत मान ने आरोप लगाया कि अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा उन्हें धार्मिक मुद्दों पर बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो और दुष्प्रचार का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।

ये भी पढ़ें- पिंडों के सर्वांगीण विकास से पंजाब बनेगा देश में नंबर-1 : सीएम भगवंत मान

सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के पैसे को जनता के कल्याण पर खर्च कर रही है। उन्होंने दावा किया कि:

  • राज्य के 90 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है।
  • 68 हजार से अधिक युवाओं को बिना रिश्वत और सिफारिश के सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
  • कई टोल प्लाजा बंद कर रोजाना करीब 70 लाख रुपये की बचत कराई गई है।
  • शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे में बड़े स्तर पर सुधार किए गए हैं।

महिलाओं के लिए नई योजना का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि मावां धीयां सत्कार योजना के तहत 1 जुलाई से महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1,000 रुपये और अनुसूचित जाति की महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे।

‘रंगला पंजाब’ बनाने का संकल्प

भगवंत मान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर-1 बनाना और एक बार फिर ‘रंगला पंजाब’ का निर्माण करना है। उन्होंने लोगों से विकास और सामाजिक सौहार्द को आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।

 

Join us on:

Leave a Comment