पंजाब में SIR शुरू होते ही सीएम भगवंत मान का बड़ा दावा, BJP पर लगाया वोट कटवाने का आरोप

SHARE:

Sangrur: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के दौरान सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) आगामी चुनावों को प्रभावित करने के लिए AAP समर्थकों के वोट कटवाने की कोशिश कर सकती है।

‘एक भी असली वोट नहीं कटना चाहिए’

संगरूर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 जून से पंजाब में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाती रही है, इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम सूची से न हटे। उन्होंने कहा, “यह भाजपा का चुनाव जीतने का एक तरीका बन गया है। हर कार्यकर्ता को सतर्क रहना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि एक भी असली वोट न कटे।”

कार्यकर्ताओं से संगठन मजबूत करने की अपील

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं और जो कार्यकर्ता दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, उन्हें संगठन में उचित सम्मान और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाएंगी।

नशे के खिलाफ अभियान, 15 जुलाई तक तैयार होंगे 3,100 खेल मैदान

भगवंत मान ने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे की समस्या को खत्म करने के लिए राज्य में करीब 3,100 खेल मैदान तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें 15 जुलाई तक चालू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी लड़ाई अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस के गठबंधन से है, जिनके पास सत्ता हासिल करने के अलावा कोई एजेंडा नहीं है।”

ये भी पढ़ें- 15 साल तक बेअदबी के दोषियों को बचाने वालों को संगत कभी माफ नहीं करेगी : भगवंत मान

विपक्ष फर्जी वीडियो फैलाकर कर रहा बदनाम: मान

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधी दल उन्हें बदनाम करने के लिए फर्जी वीडियो तक प्रसारित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण लोगों के घरेलू और कृषि खर्च में कमी आई है, जिससे विपक्ष परेशान है।

सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 19 टोल प्लाजा बंद किए हैं, जिससे लोगों को प्रतिदिन करीब 70 लाख रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने बताया कि 68 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। राज्य के 90 प्रतिशत परिवारों को मुफ्त बिजली मिल रही है। किसानों को दिन में निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है। पूरे पंजाब में करीब 44 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। नहर सिंचाई नेटवर्क को मजबूत किया गया है और कृषि क्षेत्र के लिए पानी की कोई कमी नहीं है।

बिजली व्यवस्था में बड़ा बदलाव

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरे पंजाब में चरणबद्ध तरीके से ओवरहेड बिजली लाइनों को भूमिगत बिजली वितरण प्रणाली में बदलने के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम पर काम कर रही है।

2027 में 100 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

भगवंत मान ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता का प्यार और समर्थन आम आदमी पार्टी को 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से सत्ता में लौटाएगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में AAP 100 से अधिक सीटें जीतेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अभी से पूरी ताकत के साथ जुट जाएं और पार्टी को पहले से भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा सत्ता में लाने के लिए काम करें।

 

Join us on:

Leave a Comment