स्कूल खुलते ही दहशत! चंडीगढ़ के केंद्रीय विद्यालय समेत कई स्कूलों को बम की धमकी

SHARE:

Chandigarh School Bomb Threat : गर्मी की छुट्टियों के बाद मंगलवार को जब चंडीगढ़ के स्कूल दोबारा खुले, तो पहले ही दिन कई स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। केंद्रीय विद्यालय समेत शहर के कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल भेजे गए, जिसके बाद स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और बच्चों में डर का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंच रहे थे, उसी दौरान स्कूल प्रबंधन को ईमेल के जरिए बम धमकी मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें संबंधित स्कूलों में पहुंच गईं और पूरे परिसर की गहन तलाशी शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल परिसरों में कड़ी निगरानी रखी गई और सभी जरूरी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए। हालांकि, कई घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे फर्जी धमकी मानते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।

पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी चंडीगढ़ के कई स्कूलों और अन्य संस्थानों को इसी तरह की धमकी भरी ईमेल मिल चुकी हैं। उन मामलों में भी पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कहीं से कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी।

ये भी पढ़ें- हरित क्रांति की धरती पर मिट्टी का संकट: पंजाब में ‘खेत बचाओ अभियान’ से किसानों को दी जा रही नई राह

अभिभावकों में बढ़ी चिंता

स्कूल खुलने के पहले ही दिन मिली इस धमकी ने अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। कई माता-पिता अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर परेशान नजर आए। वहीं, स्कूल प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है और प्रशासन के साथ मिलकर हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भले ही पहले ऐसी धमकियां फर्जी साबित हुई हों, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर सूचना को गंभीरता से लेती हैं और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment

Market Mystique
और पढ़ें