पंजाब में वोटर लिस्ट संशोधन अभियान तेज, 90% मैपिंग पूरी, CM मान बोले- किसी की असली वोट नहीं कटने देंगे

SHARE:

Punjab Special Intensive Revision 2026: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के लोगों से मतदाता सूची की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी वोट की पुष्टि के लिए गणना फॉर्म (Enumeration Form) भरने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने खुद भी अपना फॉर्म भरकर इस अभियान में भाग लिया और कहा कि राज्य सरकार किसी भी योग्य मतदाता की वोट कटने नहीं देगी।

अब तक करीब 90 फीसदी वोटर सूची की मैपिंग पूरी

मुख्यमंत्री ने बताया कि पंजाब में 25 जून से 24 जुलाई तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन और संशोधन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में अब तक करीब 90 फीसदी वोटर सूची की मैपिंग पूरी हो चुकी है, जबकि शेष काम भी युद्ध स्तर पर जारी है। भगवंत मान ने इस उपलब्धि के लिए चुनाव आयोग के अधिकारियों और बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि बीएलओ प्रत्येक घर में जाकर गणना फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं और लोगों को फॉर्म भरने में मदद भी कर रहे हैं।

मतदाताओं से किसी अतिरिक्त दस्तावेज की मांग नहीं 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया के लिए मतदाताओं से किसी अतिरिक्त दस्तावेज की मांग नहीं की जा रही है। केवल पहले से उपलब्ध जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि यदि किसी घर पर ताला लगा मिलता है तो बीएलओ वहां सूचना पर्ची और स्टिकर लगाकर जाएंगे तथा फॉर्म प्राप्त करने के लिए कम से कम तीन बार उस घर का दौरा करेंगे।

ये भी पढ़ें- स्कूल खुलते ही दहशत! चंडीगढ़ के केंद्रीय विद्यालय समेत कई स्कूलों को बम की धमकी

 बिना देरी किए फॉर्म जमा कराने की अपील 

मुख्यमंत्री ने लोगों से बिना देरी किए फॉर्म जमा कराने की अपील करते हुए कहा कि केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएंगे, जिन्होंने सही तरीके से फॉर्म भरकर जमा किया होगा। जो लोग फॉर्म जमा नहीं करेंगे, उनके संबंध में पड़ोसियों से जानकारी लेकर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी। ऐसे मामलों को गैर-हाजिर, स्थानांतरित, मृत और दोहरी वोट रखने वाले मतदाताओं की श्रेणियों में रखा जाएगा।

 मतदाता सूची का ड्राफ्ट 3 अगस्त 2026 को होगा प्रकाशित 

उन्होंने बताया कि संशोधित मतदाता सूची का ड्राफ्ट 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इस तारीख से पहले अपना फॉर्म जमा नहीं कर पाता है, तो वह 3 अगस्त से 2 सितंबर के बीच घोषणा पत्र और फॉर्म-6 जमा कर अपना दावा पेश कर सकता है। अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि भारतीय चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पंजाब सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी योग्य मतदाता को उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं होने देगी। उन्होंने दोहराया कि राज्य में एक भी असली वोट नहीं कटने दी जाएगी। उन्होंने सभी योग्य मतदाताओं से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाना है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी इसमें बेहद महत्वपूर्ण है।

 

Join us on:

Leave a Comment