Buniyaad Scheme: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा सुपर-100 (Haryana Super-100) सम्मान समारोह में मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि राज्य में संचालित बुनियाद योजना के तहत मौजूदा 103 केंद्रों के साथ 25 नए केंद्र जोड़े जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक मार्गदर्शन मिल सके।
कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर (Super-100 Centre Kurukshetra) को 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराये जायेंगे
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कुरुक्षेत्र स्थित सुपर-100 सेंटर (Super-100 Centre Kurukshetra) को 100 नए कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे। इस कार्यक्रम में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी मौजूद रहे। नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सुपर-100 (Haryana Super-100 ) के विद्यार्थियों ने आईआईटी-जेईई परीक्षा ( IIT-JEE exam) में सफलता हासिल कर यह साबित कर दिया है कि उनमें देश का भविष्य बदलने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के हर प्रतिभाशाली छात्र को उसकी क्षमता के अनुरूप अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक या सामाजिक परिस्थितियां उनकी प्रतिभा के आड़े न आएं।
ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, अवैध कॉलोनियों को मिलेगी कानूनी मान्यता
छात्राओं ने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उन छात्राओं की सराहना की, जिन्होंने परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि बेटियों की बढ़ती भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार सुधार कर रही है और प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बुनियाद और सुपर-100 जैसी योजनाएं ग्रामीण और साधारण परिवारों के बच्चों को भी बड़े संस्थानों तक पहुंचने का अवसर प्रदान कर रही हैं।





