17 जुलाई को हरियाणा आएंगे पीएम मोदी, हजारों करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

SHARE:

PM Modi to launch Haryana projects: 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा के जींद दौरे पर कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष कृष्ण मिड्ढा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि हजारों करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।

पीएम देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखायेंगे हरी झंडी

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जाएगी। इसे स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन और भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री भिवानी और नारनौल के नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल शिक्षा को मजबूती मिलेगी।

कुरुक्षेत्र में रेलवे क्षेत्र को मिलेगी बड़ी सौगात

रेलवे क्षेत्र में कुरुक्षेत्र में करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से बने 5.84 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का भी लोकार्पण किया जाएगा। इससे शहर में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री अंबाला-कालाअंब ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा हिस्से और जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-352A) से जुड़ी परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें- हरियाणा के कारीगरों को सरकार दे रही 10 लाख रुपये तक का लोन, ऐसे उठाएं लाभ

आधुनिक सिख संग्रहालय की आधारशिला रखी जाएगी

इस दौरान कुरुक्षेत्र में बनने वाले आधुनिक सिख संग्रहालय की आधारशिला भी रखी जाएगी। संग्रहालय में दसों सिख गुरुओं के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित वर्चुअल गैलरी, डिजिटल लाइब्रेरी और लाइट एंड साउंड शो जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे धार्मिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा हिसार-बरवाला फोरलेन हाईवे और बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजना की भी शुरुआत होगी। इन परियोजनाओं से परिवहन व्यवस्था मजबूत होने के साथ निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

पीएम की जनसभा को इको-फ्रेंडली बनाया जाएगा

कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि जींद में प्रधानमंत्री की जनसभा को इको-फ्रेंडली बनाया जाएगा। कार्यक्रम में सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की सभी प्रशासनिक और संगठनात्मक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

 

Join us on:

Leave a Comment