Faridabad rain tragedy: हरियाणा के फरीदाबाद में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सेक्टर-65 स्थित आशियाना फ्लैट्स के पास बारिश के पानी से भरे गड्ढे में 9 साल का एक बच्चा गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, बच्चा सुबह घर से स्कूल के लिए निकला था। वह स्कूल तो पहुंचा, लेकिन पूरी क्लास में नहीं रुका और बीच में ही स्कूल से निकल गया। घर लौटते समय उसका पैर फिसल गया और वह बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिर गया। घटना को देख आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव अभियान चलाया और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि बारिश के दौरान खुले और पानी से भरे गड्ढे लोगों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं, लेकिन इन्हें सुरक्षित करने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं।
ये भी पढ़ें- मिशन ओलंपिक-2036: हरियाणा में बनेंगे 11 विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सेंटर, 800 करोड़ रुपये होंगे खर्च
गाजियाबाद में 3 साल की बच्ची की डूबने से मौत
उधर, पड़ोसी शहर गाजियाबाद में बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। विजय नगर के सर्वोदय नगर इलाके में घर के बाहर जमा बारिश के पानी में फिसलकर गिरने से तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के पिता सुमित कुमार ने बताया कि सड़क किनारे की नाली पानी से पूरी तरह भरी हुई थी और ऊपर तक पानी बह रहा था। बच्ची का पैर फिसला और वह पानी में गिर गई। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश से जनजीवन प्रभावित
गुरुवार को हुई भारी बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव, लंबा ट्रैफिक जाम और सड़क धंसने जैसी घटनाएं सामने आईं। गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-13 में निर्माणाधीन बेसमेंट के पास सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिससे वहां खड़ी एक कार और एक स्कूटर गहरे गड्ढे में जा गिरे। पास में लगा बिजली का खंभा भी झुक गया। हालांकि इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।





