पंजाब का ‘मिशन आरंभ’ बना मिसाल, 1.6 लाख से ज्यादा अभिभावक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़े

SHARE:

Mission Aarambh: पंजाब सरकार प्रारंभिक बाल शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए डिजिटल माध्यम का सहारा ले रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘मिशन आरंभ’ (Mission Aarambh) के तहत अब तक राज्य के 1.6 लाख से अधिक अभिभावकों को व्हाट्सएप आधारित ‘होम लर्निंग’ (Home Learning) कार्यक्रम से जोड़ा जा चुका है।

बच्चों की शुरुआती शिक्षा को मजबूत बनाना

सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि यह कार्यक्रम ‘प्रथम’ और ‘रॉकेट लर्निंग’ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य माता-पिता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर बच्चों की शुरुआती शिक्षा को मजबूत बनाना है।

26,209 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया 

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत पंजाब के सभी 23 जिलों को शामिल किया गया है और 26,209 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को विशेष व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ा गया है। इनमें से करीब 70 प्रतिशत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से इस प्लेटफॉर्म का उपयोग कर रहे हैं, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए लगभग 35 प्रतिशत को ‘गोल्ड मेडल’ या ‘सुपरस्टार आंगनवाड़ी वर्कर’ के रूप में सम्मानित किया गया है। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि अभिभावकों को हर सप्ताह गतिविधियों का कैलेंडर, रोजाना लर्निंग वीडियो, इंटरैक्टिव क्विज और बच्चों की उम्र के अनुसार तैयार शिक्षण सामग्री व्हाट्सएप के माध्यम से भेजी जाती है। इससे माता-पिता घर पर ही बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभा पा रहे हैं।

ये भी पढ़ें- भगवंत मान सरकार का बड़ा फैसला, प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर लगा ब्रेक

बच्चों के बौद्धिक, भाषाई, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास में सहयोग करने में मदद

उन्होंने कहा कि यह पहल आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी डिजिटल उपकरणों के माध्यम से परिवारों से नियमित संपर्क बनाए रखने और बच्चों के बौद्धिक, भाषाई, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास में सहयोग करने में मदद कर रही है। मंत्री ने कहा कि ‘मिशन आरंभ’ का उद्देश्य माता-पिता को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा का समान भागीदार बनाना है। तकनीक, सामुदायिक भागीदारी और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से यह अभियान पंजाब के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहा है।

Join us on:

Leave a Comment