India First Hydrogen train:हरियाणा 17 जुलाई को भारतीय रेलवे के इतिहास में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन फ्यूल से चलने वाली ट्रेन (Hydrogen train) को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी और स्वच्छ, पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देगी।
मुख्यमंत्री ने पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह हाइड्रोजन ट्रेन प्रदूषण कम करने और हरित परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन इंडिया और सतत विकास के विजन के अनुरूप है।
17 जुलाई तक चलेगा स्वच्छता अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्यभर में चलाया जा रहा स्वच्छता अभियान 17 जुलाई तक जारी रहेगा। इस दौरान मंत्री, सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसभा को भी पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए इलेक्ट्रिक और सीएनजी वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- हरियाणा के नूंह में महिला से गैंगरेप का आरोप, SIR फॉर्म भरकर लौट रही थी घर, चलती ऑटो में बनाया बंधक
हर जिले में तेजी से बनेंगे EV चार्जिंग स्टेशन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज्यभर में इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन तेजी से स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने और कबाड़ (End-of-Life) वाहनों के पंजीकरण और वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल विकसित करने को कहा।
साफ हवा और ग्रीन ट्रांसपोर्ट पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने हरियाणा क्लीन एयर प्रोजेक्ट फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट (HCAPSD) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वच्छ हवा, आधुनिक सार्वजनिक परिवहन, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा, औद्योगिक प्रदूषण नियंत्रण और फसल अवशेष प्रबंधन से जुड़े सभी कार्य तय समय में पूरे किए जाएं।
AI तकनीक से सुधरेगी एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग
बैठक में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निर्णय सहायता प्रणाली, राज्य उत्सर्जन सूची (Emission Inventory), विभागों के बीच डेटा साझा करने की व्यवस्था और एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होना है।






