Bahadurgarh Suicide: हरियाणा के झज्जर जिले के बहादुरगढ़ से मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। शहर के लाइन पार इलाके के हरि नगर स्थित एक किराए के फ्लैट में एक ही परिवार के तीन लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में एक पिता और उसके दो बच्चे शामिल हैं। मृतक की पहचान सुनील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के खुडाना गांव का रहने वाला था। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करने के साथ-साथ ड्राइवर का भी कार्य करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुनील का शव फ्लैट के अंदर फंदे से लटका मिला है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पत्नी गई थी मायके
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय सुनील की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को सुनील ने अपने परिजनों को बताया था कि उसकी पत्नी जल्द वापस आने वाली है और वह फ्लैट पर लौट आया था।
ये भी पढ़ें- पंजाब कर्मचारियों के DA पर आज भी नहीं आया फैसला, हाईकोर्ट में कल फिर होगी सुनवाई
रिश्तेदार ने दी पुलिस को सूचना
मंगलवार सुबह जब सुनील ने कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं की, तो एक रिश्तेदार उसके फ्लैट पर पहुंचा। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर उसने तीनों के शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।





