गुरुग्राम में हिट एंड रन: तेज रफ्तार डंपर ने ली डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की जान

SHARE:

Gurugram Road Accident: गुरुग्राम के दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे (NH-48) पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय डिलीवरी एग्जीक्यूटिव की जान चली गई। खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए डिलीवरी कर्मचारियों ने करीब तीन घंटे तक हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

मृतक की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला था। वह पिछले दो वर्षों से एक ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म के साथ डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में काम कर रहा था और गुरुग्राम में किराये के मकान में रह रहा था।

ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 8 बजे अनिल कुमार बाइक से ऑर्डर डिलीवर करने जा रहा था। जैसे ही वह खेड़की दौला टोल प्लाजा पार कर आगे बढ़ा, पीछे से तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर गया और डंपर उसे कुचलते हुए निकल गया।

चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसने घायल युवक की कोई मदद नहीं की। कुछ देर बाद वहां से गुजर रहे एक अन्य डिलीवरी एग्जीक्यूटिव ने अनिल को सड़क पर पड़ा देखा और अपने साथियों के साथ पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।

also read: PM मोदी का पंजाब दौरा: 2027 चुनाव से पहले विकास और सियासत दोनों पर फोकस

डिलीवरी कर्मचारियों ने लगाया जाम

घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में डिलीवरी एग्जीक्यूटिव मौके पर पहुंच गए। उन्होंने एंबुलेंस के देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर करीब तीन घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

पुलिस ने समझाकर खत्म कराया प्रदर्शन

बाद में गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

जल्द होगी आरोपी चालक की गिरफ्तारी

गुरुग्राम पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) संदीप तुरान ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

Join us on:

Leave a Comment