Bhagwant Mann Govt will expand free ‘Teerth Yatra’: पंजाब सरकार ने अपनी मुफ्त ‘तीर्थ यात्रा योजना’ (Teerth Yatra) का दायरा बढ़ाने का बड़ा फैसला लिया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को होशियारपुर के तलवाड़ा में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भजन संध्या कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की मौजूदगी में इसकी घोषणा की।
केजरीवाल ने बताया कि अगस्त 2026 से पंजाब सरकार श्रद्धालुओं के लिए तीन नए तीर्थ मार्गों पर मुफ्त यात्रा शुरू करेगी। इनमें खाटू श्याम जी-सालासर, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन शामिल हैं। इन तीनों रूटों के लिए पंजीकरण अगस्त में शुरू होगा और सरकार करीब 1.5 लाख श्रद्धालुओं को मुफ्त दर्शन कराएगी।
यात्रा का पूरा खर्च उठाएगी सरकार
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राज्य सरकार पहले से ही श्रद्धालुओं को श्री दरबार साहिब और श्री आनंदपुर साहिब की मुफ्त तीर्थ यात्रा करा रही है। इस योजना के तहत एसी बस, होटल, भोजन और अन्य सभी व्यवस्थाओं का खर्च सरकार वहन करती है। अब योजना का विस्तार कर तीन नए धार्मिक स्थलों को भी इसमें शामिल किया गया है।
महिलाओं को 1 अगस्त को मिलेगी आर्थिक सहायता
केजरीवाल ने महिलाओं के लिए चल रही आर्थिक सहायता योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं का पंजीकरण पूरा हो चुका है लेकिन अभी तक राशि उनके खाते में नहीं पहुंची है, उन्हें 1 अगस्त को एक साथ तीन महीने (जुलाई, अगस्त और सितंबर) की राशि मिलेगी।
- सामान्य श्रेणी की महिलाओं के खाते में 3,000 रुपये भेजे जाएंगे।
- अनुसूचित जाति (SC) की महिलाओं को 4,500 रुपये मिलेंगे।
उन्होंने बताया कि 1 जुलाई को 32 लाख महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई थी, जबकि 1 अगस्त को 50 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
also read: न उम्र की सीमा, न हौसलों की कमी, 63 साल की सुशीला ने रच दिया इतिहास
‘ईमानदार सरकार होने से जनता के लिए पैसे बच रहे’
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार के पास जनकल्याणकारी योजनाएं चलाने के लिए पर्याप्त धन इसलिए है क्योंकि सरकार ईमानदारी से काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके परिवार पर अब तक भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता का पैसा जनता की भलाई पर खर्च कर रही है।
90 फीसदी घरों को मिल रही मुफ्त बिजली
केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने से पहले लोगों के बिजली बिल हजारों रुपये आते थे, लेकिन अब पंजाब के करीब 90 फीसदी घरों को मुफ्त बिजली मिल रही है। इसके अलावा हर परिवार को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा दिया गया है और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता योजना भी लागू की गई है।
अमृतसर में बनेगा सीता माता और लव-कुश का भव्य मंदिर
केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि मंदिर के पास माता सीता और लव-कुश को समर्पित एक भव्य मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि मान्यता है कि यहीं माता सीता ने निवास किया था और लव-कुश का जन्म हुआ था।
काली माता मंदिर के विकास पर खर्च होंगे 80 करोड़ रुपये
उन्होंने बताया कि पंजाब के सभी 22 शहरों में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं पटियाला के काली माता मंदिर के विकास पर 80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह परियोजना 30 सितंबर तक पूरी होने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार लोगों की सुविधा को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 19 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं, जिससे आम लोगों को प्रतिदिन करीब 70 लाख रुपये की बचत हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पूरी पारदर्शिता के साथ 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, 44 हजार किलोमीटर सड़कों का निर्माण किया जा रहा है और नहर सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूत बनाया गया है।
BBMB अस्पताल को बनाया जाएगा PGI जैसा
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि बीबीएमबी अस्पताल को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनें और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।






