नायब सैनी सरकार का बड़ा फैसला, नूंह में स्वास्थ्य सेवाएं होंगी और मजबूत

SHARE:

3 health centers in Nuh to become PHC: हरियाणा सरकार ने नूंह जिले के ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में राज्य सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में की गई घोषणा को लागू करते हुए नूंह जिले के तीन स्वास्थ्य उप-केंद्रों (Health Sub-Centres) को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (Primary Health Centre-PHC) में अपग्रेड करने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है।

लोहिंगा कलां, चांदनी और शाह चोखा स्वास्थ्य उप-केंद्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में होंगे विकसित

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि लोहिंगा कलां, चांदनी और शाह चोखा स्थित स्वास्थ्य उप-केंद्रों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे आसपास के हजारों ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी और इलाज के लिए दूर स्थित अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने कहा कि इन तीनों परियोजनाओं के लिए भूमि, भवन, मानव संसाधन, चिकित्सा उपकरण और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया जा चुका है। अपग्रेडेशन के बाद इन PHC में सामान्य बीमारियों का उपचार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, प्रसव संबंधी सुविधाएं, आवश्यक जांच और दवाओं की बेहतर उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

ये भी पढ़ें- CM सैनी भी लाएंगे घर का खाना, भाजपा की ‘टिफिन बैठक’ में जुटेंगे 70 हजार कार्यकर्ता

स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस पहल से मेवात क्षेत्र के ग्रामीण परिवारों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिलेगी, जिससे गंभीर बीमारियों की रोकथाम और इलाज में भी मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत होगी और लोगों को अपने घर के नजदीक बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।

हर गांव और हर परिवार तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना

आरती सिंह राव ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य राज्य के हर गांव और हर परिवार तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार करने और अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। नूंह जिले के इन तीन स्वास्थ्य उप-केंद्रों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेडेशन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Join us on:

Leave a Comment