CM सैनी भी लाएंगे घर का खाना, भाजपा की ‘टिफिन बैठक’ में जुटेंगे 70 हजार कार्यकर्ता

SHARE:

Tiffin Meetings: हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) मंगलवार को बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करने के लिए राज्यव्यापी ‘टिफिन बैठक’ (Tiffin Meetings) अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से लेकर पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता तक सभी अपने-अपने घर से टिफिन लेकर आएंगे और एक साथ बैठकर भोजन करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मंगलवार दोपहर पिंजौर स्थित पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ स्टील के टिफिन में घर का बना खाना खाएंगे। इसी तरह प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता सोनीपत के राय शक्ति केंद्र और संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा गन्नौर शक्ति केंद्र में कार्यकर्ताओं के साथ टिफिन साझा करेंगे।

4,729 शक्ति केंद्रों पर एक साथ होंगी बैठकें

दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच हरियाणा के सभी 4,729 शक्ति केंद्रों पर एक साथ टिफिन बैठक (Tiffin Meetings) आयोजित की जाएगी। यह 2024 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा का राज्य में सबसे बड़ा बूथ स्तर का संगठनात्मक अभियान माना जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के अनुसार, प्रत्येक शक्ति केंद्र पर औसतन 16 कार्यकर्ताओं की भागीदारी होगी। इस हिसाब से करीब 70 हजार भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें- हरियाणा के होनहार पांशुल बंसल को CM नायब सैनी ने किया सम्मानित, NEET में हासिल की AIR-2

घर से टिफिन लाने का क्या है मकसद?

भाजपा के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ साथ बैठकर भोजन करना नहीं, बल्कि नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच दूरी कम करना, संगठनात्मक समन्वय बढ़ाना और बूथ स्तर को मजबूत करना है। भोजन के बाद शक्ति केंद्रों पर बूथ संगठन, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।

हर शक्ति केंद्र के तहत आते हैं कई बूथ

हरियाणा में प्रत्येक शक्ति केंद्र के अंतर्गत 2 से 5 मतदान केंद्र (बूथ) आते हैं। गांवों में आमतौर पर एक शक्ति केंद्र के तहत 4-5 बूथ और शहरी क्षेत्रों में 2 बूथ शामिल होते हैं। इन शक्ति केंद्रों का नेतृत्व एक शक्ति केंद्र प्रमुख करता है।

डिजिटल अभियान पर भी रहेगा जोर

बैठकों में भाजपा के डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम, बूथ समितियों के गठन और प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। साथ ही इसकी जानकारी पार्टी के सरल पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए जाएंगे।

सभी नेताओं की जिम्मेदारी तय

भाजपा ने सभी 4,729 शक्ति केंद्रों के लिए अलग-अलग वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय की है। इनमें मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय और राज्य मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं। सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के लिए अपने-अपने शक्ति केंद्र की बैठक में शामिल होना अनिवार्य किया गया है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ, भ्रम और गलत सूचना का माहौल बना रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे तथ्यों के साथ जनता तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं। भाजपा संगठन महामंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि भाजपा एक बूथ आधारित संगठन है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की नींव है। इसलिए प्रत्येक पदाधिकारी को बूथ स्तर पर लगातार संपर्क बनाए रखते हुए संगठन को और मजबूत करना चाहिए।

Join us on:

Leave a Comment