NEET UG 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2 हासिल करने वाले पांशुल बंसल से मुलाकात कर उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। हरियाणा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग (DIPR) ने इस मुलाकात का वीडियो भी साझा किया, जिसमें मुख्यमंत्री ने पांशुल की मेहनत, लगन और सफलता की सराहना की।
इससे पहले केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी पांशुल बंसल को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि पांशुल की सफलता देश के युवाओं की मेहनत, अनुशासन और ऊंची आकांक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि पांशुल भविष्य में देश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
AIR-1 बने लुधियाना के आर्यन गुप्ता
NEET UG 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 पंजाब के लुधियाना निवासी आर्यन गुप्ता ने हासिल की। उन्होंने 720 में से 715 अंक प्राप्त कर 99.9999 पर्सेंटाइल हासिल किया। रिजल्ट आने के बाद आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय दो वर्षों की लगातार मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। आर्यन ने कहा कि उन्होंने अपने बड़े भाई की सलाह मानते हुए शिक्षकों द्वारा दिए गए हर होमवर्क, डीपीपी और असाइनमेंट को समय पर पूरा किया। उनका मानना है कि सफलता के लिए शिक्षकों पर भरोसा और नियमित पढ़ाई सबसे जरूरी है।
ये भी पढ़ें- सुनाम मेगा जॉब फेयर में 562 युवाओं को मिली नौकरी, 618 उम्मीदवार शॉर्टलिस्ट
11.21 लाख अभ्यर्थी हुए क्वालिफाई
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के अनुसार, NEET UG 2026 में करीब 20 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। परीक्षा 21 जून को भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में स्थित 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी। NTA ने बताया कि इस परीक्षा में 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य संबद्ध स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई हुए हैं। परीक्षा के परिणाम समय पर जारी किए गए, ताकि काउंसलिंग और मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया निर्धारित समय के अनुसार शुरू हो सके।
गौरतलब है कि इस साल परीक्षा पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा आयोजित की गई थी, जिसके चलते NEET UG 2026 पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई थीं।





