Financial assistance of Rs. 1.70 crore to 4056 pregnant and lactating women:पंजाब की भगवंत मान सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में राज्य सरकार ने चालू वित्त वर्ष में 4,056 गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को 1.70 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। यह जानकारी राज्य की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी।
पहली संतान पर मिलते हैं 5,000 रुपये
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि सरकार की योजना के तहत पहली संतान के जन्म पर लाभार्थी महिला को 5,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि दो किस्तों में दी जाती है-
- पहली किस्त: 3,000 रुपये
- दूसरी किस्त: 2,000 रुपये
दूसरी बेटी के जन्म पर 6,000 रुपये
उन्होंने बताया कि यदि दूसरी संतान बेटी होती है, तो सरकार 6,000 रुपये की सहायता एकमुश्त देती है। पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है, जिससे पारदर्शिता बनी रहती है।
ये भी पढ़ें- पंजाब में ट्रैफिक नियम हुए सख्त, गलत ई-चालान को 45 दिन में दे सकेंगे चुनौती
36 हजार से अधिक महिलाओं का पंजीकरण
मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 36,154 महिलाओं का इस योजना के तहत पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 4,056 महिलाओं को आर्थिक सहायता जारी की जा चुकी है।
मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य, पोषण और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। सरकार चाहती है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी महिला आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे और हर नवजात को सुरक्षित एवं स्वस्थ शुरुआत मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर पात्र लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।






