Punjab becomes the first state in the country to implement AI education: पंजाब ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए पहली कक्षा से 12वीं तक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (Artificial Intelligence-AI) को मुख्य विषय के रूप में लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने का दावा किया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (Punjab School Education Board-PSEB) ‘सरबत.AI (Sarbat.AI)’ परियोजना के तहत इस पाठ्यक्रम को चरणबद्ध तरीके से लागू करेगा। इसके साथ ही पंजाब देश में भविष्य की तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने वाला अग्रणी राज्य बन गया है।
इस परियोजना का शुभारंभ पंजाब के स्कूल शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस (Harjot Singh Bains) ने पूर्व दिल्ली शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की मौजूदगी में किया। कार्यक्रम में शिक्षा विशेषज्ञ, तकनीकी साझेदार और स्कूल शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
पहले चरण में 8वीं से 12वीं तक होगी पढ़ाई
शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि पहले चरण में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए कंप्यूटर साइंस पाठ्यक्रम में AI को शामिल किया जाएगा। सरकारी और संबद्ध निजी स्कूलों के विद्यार्थी लाइव ऑनलाइन कक्षाओं, रिकॉर्डेड लेक्चर, प्रोजेक्ट आधारित लर्निंग, निरंतर मूल्यांकन और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) के जरिए पढ़ाई करेंगे।
दूसरे चरण में कक्षा 1 से 7वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयु के अनुरूप AI पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा।
31.5 लाख छात्रों और 25 हजार से अधिक स्कूलों को मिलेगा लाभ
सरकार के अनुसार यह कार्यक्रम राज्य के 25,172 स्कूलों और करीब 31.5 लाख छात्रों तक पहुंचेगा। पहले चरण में 12,424 कंप्यूटर साइंस शिक्षक इस परियोजना को लागू करेंगे, जबकि आगे चलकर दो लाख से अधिक शिक्षकों को AI आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
UNESCO के मानकों के अनुसार तैयार हुआ पाठ्यक्रम
हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि AI पाठ्यक्रम तैयार करने से पहले सिंगापुर (Singapore), फिनलैंड (Finland), संयुक्त अरब अमीरात (United Arab Emirates-UAE) और अमेरिका (United States) की शिक्षा प्रणालियों का अध्ययन किया गया। पाठ्यक्रम को यूनेस्को (UNESCO) के Ethical AI Framework के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि छात्र AI का सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग सीख सकें।
Google, Intel और Canva जैसे संस्थानों का मिलेगा सहयोग
इस परियोजना के तकनीकी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी Neeev AI को दी गई है। इसके अलावा Google, Intel, Canva और FA-AI जैसे तकनीकी साझेदार भी AI शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और नवाचार को बढ़ावा देने में सहयोग करेंगे।
ये भी पढ़ें- पंजाब में बढ़ा डायबिटीज का खतरा, 2300 मरीजों के इलाज पर 6.5 करोड़ रुपये खर्च
हर बच्चे को भविष्य के लिए तैयार करना लक्ष्य
शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों को सिर्फ AI का उपयोग करना नहीं, बल्कि उन्हें नवाचार करने और भविष्य की तकनीकी दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब ग्रीन रिवॉल्यूशन के बाद अब AI रिवॉल्यूशन की अगुवाई करेगा।
मनीष सिसोदिया बोले- पंजाब ने रचा इतिहास
पूर्व दिल्ली शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि इस पहल के साथ पंजाब ने AI शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्रों को तकनीक का उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि नवाचार करने वाला और भविष्य का नेतृत्व करने वाला बनाएगा।






