सिरसा में सीएम नायब सैनी की जनसुनवाई, 19 में से 18 शिकायतों का मौके पर निपटारा

SHARE:

CM Nayab Saini’s public grievance hearing in Sirsa: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी 19 जन शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर उनका निपटारा कर दिया गया, जबकि एक शिकायत को अगली बैठक तक स्थगित कर दिया गया। इस अवसर पर ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल भी मौजूद रहे।

फर्जी वसीयत से जमीन हस्तांतरण मामले की होगी विजिलेंस जांच

बैठक के दौरान गांव गंगा के निवासी परमजीत सिंह ने शिकायत की कि गांव झुट्टी खेड़ा के निवासी सुल्तान सिंह, जिनका 11 जून 2000 को निधन हो गया था और जिनकी शादी भी नहीं हुई थी, उनकी 40 कनाल 1 मरला जमीन कथित तौर पर फर्जी वसीयत के आधार पर किसी अन्य के नाम कर दी गई। मुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस विभाग को जांच के निर्देश दिए। इससे पहले इस मामले की जांच जिला राजस्व अधिकारी द्वारा की जा चुकी थी।

सोलर पैनल कंपनी के खिलाफ जांच के आदेश

बैठक में गांव गुड़िया खेड़ा के निवासी विनोद कुमार ने शिकायत की कि उन्होंने 18 दिसंबर 2024 को एम/एस सोम कॉरपोरेशन, हिसार के माध्यम से सोलर पैनल लगवाने के लिए आवेदन किया था और निर्धारित राशि भी जमा कर दी थी। इसके बावजूद कंपनी ने न तो सोलर पैनल लगाए और न ही जमा राशि वापस की। इसी कंपनी के खिलाफ अन्य लोगों ने भी सोलर पैनल स्थापना में अनियमितताओं की शिकायत की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पूरे मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।

Also read: पंजाब सरकार का बड़ा फैसला,आंगनवाड़ी वर्कर्स के लिए 60 लाख के बीमा की तैयारी

लापरवाह पुलिसकर्मी पर होगी कार्रवाई

बैठक में रानियां थाना क्षेत्र के ढाणी सतनाम की रहने वाली कमलेश कौर ने मारपीट के एक मामले में पुलिस की लापरवाही की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने शिकायत को सही पाए जाने पर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Join us on:

Leave a Comment