CM मान का विपक्ष पर हमला बोले, पंजाब में नहीं हुआ एक भी पेपर लीक

SHARE:

Not a single paper leak in Punjab: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्ष के पेपर लीक के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि उनकी सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में राज्य में एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल राजनीतिक लाभ के लिए पंजाब और यहां के मेहनती युवाओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

69 हजार सरकारी नौकरियां मेरिट के आधार पर दीं

संसद दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक करीब 69 हजार सरकारी नौकरियां बिना किसी सिफारिश, बिना रिश्वत और बिना पेपर लीक के केवल मेरिट के आधार पर दी हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी बनाई गई है।

फार्मेसी परीक्षा में नकल की कोशिश हुई थी

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में फार्मेसी परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी ब्लूटूथ युक्त पेन और ईयरपीस के जरिए नकल करने की कोशिश कर रहा था। पंजाब पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 अभ्यर्थियों और बाहर से संचालित 11 सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि यह पेपर लीक नहीं बल्कि नकल की कोशिश थी, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर जवाब

विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संबंधित परीक्षा शिक्षा विभाग नहीं बल्कि स्वास्थ्य विभाग के अधीन आयोजित की गई थी। स्वास्थ्य मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पेपर लीक नहीं हुआ था और परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

ये भी पढ़ें- पंजाब सरकार देगी SC युवाओं को मुफ्त स्टेनोग्राफी प्रशिक्षण, 20 अगस्त तक करें आवेदन

‘पहले अपना घर संभाले विपक्ष’

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल को ‘झाड़ू’ की चिंता छोड़कर पहले अपने संगठन और व्यवस्था को सुधारना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब में भर्ती में भ्रष्टाचार और धांधली अब बीते समय की बात हो चुकी है।

लोकतंत्र में संवाद जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि अलग-अलग विचारधाराओं के लोग आपस में संवाद करते रहें। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें व्यक्तिगत संबंधों पर असर नहीं डालना चाहिए।

Join us on:

Leave a Comment