पंजाब सरकार का बड़ा तोहफा, हजारों सफाई सेवक होंगे रेगुलर, 1 अगस्त से बढ़ेगी सैलरी

SHARE:

Thousands of sanitation workers in Punjab to be regularized: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार ने राज्य के हजारों सफाई सेवकों और सीवरमैन के लिए बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर लाने, पात्र कर्मचारियों को नियमित (रेगुलर) करने और उनके वेतन में बढ़ोतरी का फैसला किया है।

3 साल की सेवा पूरी करने वालों को मिलेगा डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट

सरकार के फैसले के अनुसार नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में लगातार तीन साल की सेवा पूरी कर चुके आउटसोर्स सफाई सेवकों और सीवरमैन को डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर लाया जाएगा। इससे उन्हें नौकरी में स्थिरता और आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

5 साल की सेवा पूरी करने वालों को किया जाएगा रेगुलर

सरकार ने घोषणा की है कि पांच साल की सेवा पूरी कर चुके ठेका आधारित सफाई सेवकों और सीवरमैन को नियमित किया जाएगा। इसके अलावा साल 2021 में भर्ती हुए सभी सफाई कर्मचारियों को भी स्थायी करने का फैसला लिया गया है।

1 अगस्त से मिलेगी 20,520 रुपये मासिक सैलरी

पंजाब सरकार ने ठेका आधारित सफाई कर्मचारियों का मासिक वेतन बढ़ाकर 20,520 रुपये करने का ऐलान किया है। यह नई सैलरी 1 अगस्त 2026 से लागू होगी। आउटसोर्स से डायरेक्ट कॉन्ट्रैक्ट पर आने वाले कर्मचारियों को भी यही वेतन मिलेगा। साथ ही कर्मचारियों के सभी वैधानिक अंशदान नियमानुसार संबंधित फंड में जमा किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- पंजाब में ‘मेरी रसोई’ योजना को रफ्तार, 33.86 लाख परिवारों तक पहुंची राशन किट

ऐसे होगी रेगुलर करने की प्रक्रिया

सरकार ने सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों को अपने सदनों में प्रस्ताव पारित कर पात्र कर्मचारियों की सूची राज्य सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं। प्रस्ताव मिलने के बाद अंतिम मंजूरी देकर नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यूनियनों से बातचीत के बाद लिया गया फैसला

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि यह फैसला सफाई कर्मचारी यूनियनों के साथ विस्तृत चर्चा के बाद लिया गया है। कैबिनेट सब-कमेटी ने अधिकांश मांगों पर सहमति बना ली है और बाकी मुद्दों का भी जल्द समाधान किया जाएगा।

हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने की अपील

मंत्री ने सफाई सेवकों और सीवरमैन से मानसून को देखते हुए हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहरों, अस्पतालों, स्कूलों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

Join us on:

Leave a Comment